बिहार
एक घंटा पहले
1
विचारों
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों के लिए मुजफ्फरपुर से राहत भरी खबर है। शहर के गन्नीपुर स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय (नियोजन भवन) में चल रही निःशुल्क लाइब्रेरी में नामांकन प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। इस समय यहां 50 सीटों के लिए रजिस्ट्रेशन लिया जा रहा है। छात्र बिना किसी शुल्क के यहां अध्ययन कर सकते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल माहौल का फायदा उठा सकते हैं।
पूरी तरह वातानुकूलित परिसर
अवर प्रादेशिक नियोजनालय, तिरहुत प्रमंडल के सहायक निदेशक जैनेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रों को आधुनिक और सुविधाजनक अध्ययन वातावरण देने के मकसद से लाइब्रेरी को कई सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां पूरी तरह एयर कंडीशन (एसी) की व्यवस्था है, ताकि गर्मी के मौसम में भी विद्यार्थी आराम से पढ़ाई कर सकें। इसके साथ ही हाई-स्पीड वाई-फाई, डिजिटल लैब और अन्य जरूरी शैक्षणिक संसाधन भी मुहैया कराए गए हैं।
ठंडे और गर्म पेयजल की सुविधा
सहायक निदेशक ने बताया कि लाइब्रेरी में छात्रों के लिए ठंडे और गर्म पेयजल का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग विषयों से जुड़ी मासिक और साप्ताहिक पत्रिकाएं, हिंदी एवं अंग्रेजी के समाचार पत्र तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकों का बड़ा संग्रह भी मौजूद है।
यहां बीपीएससी, यूपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
विशेषज्ञों से मिलेगा मार्गदर्शन
जैनेंद्र कुमार ने कहा कि इस लाइब्रेरी का मकसद केवल पढ़ने की जगह उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाना भी है। इसी क्रम में समय-समय पर बीपीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफल अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाता है।
ये अधिकारी छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करते हैं और परीक्षा की तैयारी से जुड़ी अहम जानकारी तथा रणनीतियां बताते हैं। इससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है और उनकी तैयारी को एक नई दिशा मिल जाती है।
सीमित हैं सीटें, जल्द कराएं रजिस्ट्रेशन
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से अपील की कि वे इस निःशुल्क सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। चूंकि सीटों की संख्या सीमित है, इसलिए इच्छुक छात्र जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराकर बेहतर अध्ययन माहौल का फायदा ले सकते हैं।
सपनों को साकार करने का मौका
यह पहल विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर तबके और ग्रामीण इलाकों से आने वाले छात्रों के लिए बेहद मददगार साबित हो रही है। अब ऐसे विद्यार्थियों को भी मुफ्त में आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई करने और अपने करियर के सपनों को पूरा करने का अवसर मिल रहा है।
Comments
0 comment