मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
मध्य प्रदेश के मुरैना और ग्वालियर से खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दो घटनाएं सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में आरोपी और कोई नहीं, बल्कि मासूम बच्चियों के अपने दादा हैं। एक ओर मुरैना में 60 साल के बुजुर्ग ने पांच साल की अबोध पोती को हवस का शिकार बनाया, तो दूसरी ओर ग्वालियर में एक दादा महीनों तक अपनी नाबालिग पोती के साथ अश्लील हरकतें करता रहा।
मुरैना: पांच साल की पोती से दुष्कर्म
पहली घटना मुरैना के जौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पन्नूपुरा गांव की है। यहां इंसानियत को शर्मसार करते हुए दादा ने अपनी पांच साल की मासूम पोती के साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची के प्राइवेट पार्ट से खून बहने लगा, तो घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इसी बीच पुलिस को बच्ची के साथ गलत काम के शक की सूचना मिली। पुलिस अस्पताल पहुंची और पूछताछ के दौरान दुष्कर्म की पूरी बात सामने आ गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया। जौरा थाना पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। घर के बुजुर्ग के इस घिनौने कृत्य से पूरा परिवार सकते में है।
ग्वालियर: चार माह तक चला सिलसिला
दूसरा मामला ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है। शिकायतकर्ता 37 वर्षीय महिला मूल रूप से ग्वालियर की रहने वाली है और सूरत में एस्ट्रोलॉजर के रूप में काम करती है। उसकी शादी 2012 में ग्वालियर के एक व्यापारी से हुई थी, लेकिन 2023 में दोनों के बीच तलाक हो गया। कोर्ट ने 12 साल की बेटी की कस्टडी पिता को सौंप दी थी, जिसके बाद बच्ची ग्वालियर में अपने पिता और दादा-दादी के साथ रह रही थी।
मां के सामने फूट पड़ा दर्द
20 मार्च 2026 को स्कूल में छुट्टियां होने पर मां बेटी को अपने साथ सूरत ले गई। वहां बच्ची डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी। जब मां ने कारण पूछा, तो वह फूट-फूटकर रो पड़ी और दादा की हरकतों के बारे में सब कुछ बता दिया।
मोबाइल पर दिखाता था आपत्तिजनक वीडियो
आरोप है कि बीते चार महीने से दादा बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। बच्ची ने मां को बताया कि दादा उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाता और कहता कि अब तुम बड़ी हो रही हो। आरोप यह भी है कि वह शराब पीकर बच्ची के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर किसी को बताया तो मम्मी से मिलने सूरत नहीं जाने देगा। इसी डर से बच्ची चार महीने तक चुप रही।
सूरत में दर्ज हुई जीरो एफआईआर
बेटी की आपबीती सुनते ही मां सीधे सूरत पुलिस के पास पहुंची। सूरत पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस डायरी ग्वालियर के जनकगंज थाने भेज दी। ग्वालियर पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बच्ची को काउंसलिंग के लिए भेजा गया है।
इस मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। कोर्ट ने मां को बीच-बीच में बेटी से मिलने की अनुमति दी थी, और इसी मुलाकात के दौरान यह पूरा मामला उजागर हुआ।
Comments
0 comment