मिर्जापुर: 'शव' उठाने कफन-स्ट्रेचर लेकर पहुंची पुलिस, पटरी पर जिंदा निकला शख्स; ऊपर से गुजर चुकी थी ट्रेन उत्तर प्रदेश 3 महीने पहले 44
मिर्जापुर के लूसा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पड़े जिस व्यक्ति को मृत समझकर पुलिस कफन और स्ट्रेचर लेकर पहुंची, वह जिंदा निकला। शराब के नशे में पटरी पर गिरे इस शख्स के ऊपर से ट्रेन भी गुजर गई थी, फिर भी उसकी जान बच गई।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां लूसा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति पड़ा मिला। स्टेशन मास्टर ने इसे शव समझते हुए पुलिस को मेमो भेज दिया कि एक आदमी पटरी पर मृत पड़ा है। जब पुलिस स्ट्रेचर और कफन लेकर शव उठाने पहुंची तो वह शख्स जिंदा निकला। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल था, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।

नशे में ट्रैक पर गिरा, ऊपर से गुजर गई ट्रेन

जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पर जा गिरा था। हैरान करने वाली बात यह रही कि गिरने के दौरान उसके ऊपर से एक ट्रेन भी गुजर गई। इसके बावजूद उसकी सांसें चलती रहीं, लेकिन उसे पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

पूरा मामला राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा रेलवे स्टेशन का है। स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पाकर पुलिस शव उठाने पहुंची, मगर मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वह युवक न सिर्फ जिंदा है, बल्कि घायल अवस्था में बातें भी कर रहा था। बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है।

स्टेशन मास्टर ने भेजी थी लिखित सूचना

लूसा स्टेशन मास्टर हरे राम यादव ने राजगढ़ पुलिस को लिखित जानकारी दी थी कि विद्युत पोल नंबर 199/17 के पास ट्रैक पर एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश पांडेय अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मी शव निकालने के लिए कफन और स्ट्रेचर भी साथ लेकर गए थे।

ट्रैक पर पहुंचने पर पुलिस के होश उड़ गए। वहां पड़ा व्यक्ति मरा नहीं था, बल्कि होश में था और गंभीर रूप से घायल था। उसने अपनी पहचान अखिलेश भारती (32 वर्ष), निवासी नदिहार, थाना राजगढ़ के रूप में बताई।

बीच वाले हिस्से में होने से बची जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अखिलेश शराब के नशे में था और ट्रैक के बीच गिर पड़ा था। इसी दौरान उसके ऊपर से एक ट्रेन गुजर गई। चूंकि वह पटरी के बीच वाले हिस्से में था, इसलिए उसकी जान बच गई, लेकिन उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

पहले सीएचसी, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर

पुलिस ने तुरंत घायल युवक को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सोनभद्र मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप