मेरठ में आवास विकास परिषद की संपत्तियां हुईं महंगी, खरीदने से पहले जानें ताजा रेट उत्तर प्रदेश 4 दिन पहले 16
मेरठ में आवास विकास परिषद से जुड़ी संपत्तियों की दरों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 10% तक की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे मकान खरीदने वालों की जेब पर असर पड़ेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में जो लोग आवास विकास परिषद से जुड़े इलाकों में अपना घर बनाने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अब खर्च बढ़ने वाला है। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मेरठ विकास परिषद ने भी संपत्तियों की नई दरें जारी कर दी हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाओं में दरों में 10% तक की वृद्धि की गई है। कुछ क्षेत्र तो ऐसे हैं जहां रेट में 10000 रुपए तक का बदलाव दर्ज किया गया है।

हर वर्ष तय होती हैं नई दरें

आवास विकास परिषद मेरठ के उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि परिषद हर साल अप्रैल माह में ही संपत्तियों के रेट निर्धारित कर देती है, लेकिन इस बार ये दरें अब जारी की गई हैं। उन्होंने बताया कि ये रेट मुख्यालय से प्राप्त हुए हैं और इन्हीं के आधार पर आवासीय क्षेत्रों में प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से बिक्री होगी।

इन योजनाओं पर लागू होंगी नई दरें

नई दरों के अनुसार ही अब मेरठ की कई योजनाओं में संपत्तियों की बिक्री की जाएगी। इनमें शास्त्री नगर योजना संख्या सात, जागृति विहार विस्तार संख्या 11, मंगल पांडे नगर, माधवपुरम सेक्टर 1 से 4, माधवपुरम आश्रयहीन योजना, शास्त्री नगर योजना संख्या 3, मोहनपुरी और विकासपुरी शामिल हैं। इसके लिए सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है।

इस तरह बदले रेट

संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने नई दरों की जानकारी देते हुए बताया कि शास्त्री नगर योजना संख्या सात में जहां पहले खरीदारी 36000 रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर से हो रही थी, वहां अब यह दर 39200 रुपए प्रति वर्ग मीटर हो गई है। माधवपुरम सेक्टर 1 से 4 तक में पहले 20000 रुपए की दर थी, जो बढ़कर अब 21800 रुपए हो गई है। वहीं विकासपुरी में जहां पहले 28000 रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर से खरीदारी होती थी, अब यह 38000 रुपए प्रति वर्ग मीटर हो गई है।

उन्होंने बताया कि संपत्तियों की दरों में 10% तक का बदलाव हुआ है, जिसमें 2000 से लेकर 10000 रुपए प्रति वर्ग मीटर तक की वृद्धि के हिसाब से ही अब नई प्रॉपर्टी की खरीदारी होगी।

सर्किल रेट अलग रहेंगे

शर्मा ने स्पष्ट किया कि सर्किल रेट जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किए जाते हैं, इसलिए वे इन दरों से अलग होंगे। अगर आप संपत्ति खरीदना चाहते हैं तो खरीदारी से पहले आवास विकास परिषद की वेबसाइट पर जाकर ताजा रेट जरूर जांच लें।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!