हिमाचल प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
मंडी जिले में जिला परिषद चुनावों की मतगणना को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी तथा जिला परिषद वार्ड-34 टीहरा से प्रत्याशी रहीं वंदना गुलेरिया ने मतगणना प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को अपने समर्थकों और क्षेत्र के दर्जनों लोगों के साथ वे डीसी मंडी के पास पहुंचीं और कार्यालय में ही दोबारा मतगणना (रिकाउंटिंग) कराने की मांग रखी।
154 वोटों में गड़बड़ी का आरोप
डीसी मंडी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में वंदना गुलेरिया ने कहा कि टीहरा वार्ड में कुल 154 मतों में गड़बड़ी हुई है, जिनमें 126 वोट कर्मचारियों के भी शामिल हैं। उन्होंने 126 कर्मचारी वोट गायब करने का आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त करने की भी मांग की।
आंकड़ों के आधार पर उठाए सवाल
संबंधित वार्ड की 19 पंचायतों में हुए मतदान का पूरा डेटा अपने साथ लेकर मंडी पहुंचीं वंदना ने बताया कि इन पंचायतों में ईडीसी वोट को मिलाकर कुल 16951 मत पड़े हैं, जबकि पहला परिणाम 16624 मतों के आधार पर ही पेश किया गया। उन्होंने कहा कि इसमें कर्मचारी वोट शामिल नहीं थे, क्योंकि कर्मचारी वोटों की गिनती अलग से की जाती है। उनके अनुसार जब उन्होंने रिकाउंटिंग की मांग उठाई, तब मतों की संख्या बढ़कर 16757 तक पहुंच गई।
चार प्रत्याशियों के सामने गिनती की मांग
वंदना गुलेरिया ने मतगणना में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी कई सवाल खड़े किए और डीसी कार्यालय में ही दोबारा गिनती कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 4 प्रत्याशियों के समक्ष रिकाउंटिंग करवाई जाए, ताकि कर्मचारी वोटों की सच्चाई भी सामने आ सके।
45 वोटों से हार
उल्लेखनीय है कि टीहरा वार्ड में वंदना गुलेरिया को 45 मतों से हार का सामना करना पड़ा। यहां से कांग्रेस की अनिता ठाकुर ने जीत दर्ज की। वंदना के पिता महेंद्र सिंह तीन बार मंत्री और सात बार धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं, हालांकि अब उन्होंने राजनीति से संन्यास ले लिया है।
Comments
0 comment