मालवीय नगर होटल अग्निकांड: कोर्ट से होटल मालिक लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस रिमांड, हादसे के तुरंत बाद हो गया था फरार दिल्ली एक महीने पहले 22
दिल्ली के मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में साकेत कोर्ट ने आरोपी होटल मालिक लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि छत का कमरा बाहर से बंद था और हादसे के तुरंत बाद होटल मालिक मौके से फरार हो गया था।

दिल्ली के होटल अग्निकांड मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। पड़ताल में पता चला है कि होटल की छत पर बना कमरा बाहर से बंद कर दिया गया था, जिसकी वजह से फंसे हुए लोग छत की ओर जाने के बजाय खिड़कियों से कूदने को मजबूर हो गए। इतना ही नहीं, हादसा होते ही होटल मालिक लवकेश बजाज भी मौके से भाग खड़ा हुआ था। अब साकेत कोर्ट ने आरोपी लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है, जहां उससे अग्निकांड को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।

हादसे के बाद घंटों सड़कों पर भटकता रहा आरोपी

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि घटना होते ही लवकेश बजाज मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि डर के मारे वह वहां से निकल भागा। पुलिस के मुताबिक, वह अपने घर तक नहीं गया और लगातार सड़कों पर ही इधर-उधर घूमता रहा।

जर्जर हालत में खरीदी गई थी इमारत

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह इमारत करीब 3 साल पहले अहलूवालिया नाम की एक पार्टी से ली थी और इसी में होटल कम गेस्ट हाउस चला रहा था। उसने यह भी बताया कि पहले इस जगह पर खादी की दुकान हुआ करती थी। लवकेश बजाज के मुताबिक, जब उसने यह इमारत खरीदी थी, तब वह काफी जर्जर हालत में थी।

परमिशन के दावों की हो रही जांच, मिली 4 दिन की रिमांड

आरोपी यह भी दावा कर रहा है कि उसने BNB यानी बेड एंड ब्रेकफास्ट, टूरिस्ट और रेस्टोरेंट चलाने की अनुमति ले रखी थी, हालांकि दिल्ली पुलिस उसके इन दावों की पड़ताल कर रही है। आज दोपहर लवकेश बजाज को साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उसकी रिमांड की मांग की। कोर्ट ने इस मांग को मंजूरी देते हुए आरोपी को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

ज्यादा कमाई के लालच में बढ़ाए कमरे

लवकेश बजाज ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके पास इतना वक्त नहीं था कि वह खुद होटल का कामकाज देख सके, इसी वजह से उसने होटल के सभी कामों के लिए स्टाफ रखा हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने होटल में कमरों की संख्या इसलिए बढ़ाई, क्योंकि इससे अच्छी कमाई हो रही थी और उसका कहना था कि दिल्ली में सब चलता है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!