सोना 1850 रुपये लुढ़का, चांदी भी 1500 रुपये सस्ती- जानें आज के ताजा रेट व्यापार 57 मिनट पहले 2
ग्लोबल बाजार की कमजोरी और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम को लेकर अनिश्चितता के बीच बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1850 रुपये टूटकर 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1500 रुपये गिरकर 2,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष विराम समझौते को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के बीच बुधवार को एक बार फिर सोने और चांदी के दामों में कमजोरी दर्ज की गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 1850 रुपये सस्ता होकर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1850 रुपये यानी 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को सोने का भाव 1,61,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था।

वायदा बाजार में भी सोना फिसला

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते की संभावनाओं को लेकर बढ़ी चिंता के कारण वायदा कारोबार में भी सोने पर दबाव दिखा। यहां कीमत 562 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त डिलीवरी वाले सोने का भाव 562 रुपये यानी 0.35 प्रतिशत की कमी के साथ 1,58,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस दौरान कुल 8,266 लॉट का कारोबार हुआ।

चांदी 1500 रुपये तक टूटी

सोने के साथ-साथ चांदी की चमक भी फीकी पड़ी। बुधवार को चांदी 1500 रुपये यानी 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि मंगलवार को यह 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। विदेशी बाजारों में नरमी के चलते वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 2757 रुपये लुढ़ककर 2.63 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। MCX पर जुलाई महीने में डिलीवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 2757 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,63,950 रुपये प्रति किलोग्राम पर सिमट गई।

मध्य-पूर्व के हालात बने गिरावट की वजह

लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण बुधवार को घरेलू बाजारों में सोना और चांदी दोनों कमजोर हुए। उन्होंने कहा कि इस तनाव से लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची बने रहने की आशंका पैदा हुई है, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं पर देखने को मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 0.54 प्रतिशत गिरकर 4463.84 डॉलर प्रति औंस और चांदी एक प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74.43 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह का कहना है कि अमेरिका-ईरान समझौता अब भी दूर की कौड़ी नजर आ रहा है, जिसके चलते सोने की कीमतें दबाव में बनी रहीं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!