नोएडा, गाजियाबाद और आगरा में आंधी-बारिश का खतरा, IMD का ऑरेंज अलर्ट; जानें मानसून कहां तक पहुंचा उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 22
उत्तर प्रदेश के कई पश्चिमी जिलों में आंधी-बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से देश में आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश में इस समय तेज गर्मी और हीट वेव जैसे हालात बने हुए हैं, लेकिन मौसम जल्द करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, आगरा, मथुरा, बिजनौर, बुलंदशहर, शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

देश में कहां तक पहुंचा मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून देश में लगातार तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। फिलहाल यह पश्चिम मध्य और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में दस्तक दे चुका है।

यही कारण है कि 8 जून यानी सोमवार को उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और कुछ पश्चिमी राज्यों में गर्मी का असर बना रह सकता है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

यूपी में कैसा रहेगा तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ स्थानों पर हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है, वहीं कुछ इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के भी आसार हैं।

बीते 24 घंटे में यूपी का मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ झोंकेदार हवाएं और आंधी भी देखी गई।

राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, महामायानगर और आगरा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

10 जून के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट

10 जून के मौसम को लेकर कानपुर देहात, कानपुर, जालौन, झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, संतरविदासनगर, कौशांबी और फतेहपुर में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर राज्यों के शेष हिस्सों तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप