लखनऊ: किसान को अगवा कर पांच लाख की लूट में CRPF दरोगा और यूपी पुलिस का सिपाही निकले शामिल उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 24
लखनऊ के चिनहट इलाके में किसान को निवेश का झांसा देकर अगवा करने और पांच लाख रुपए लूटने के मामले में CRPF दरोगा और यूपी पुलिस के सिपाही की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में एक किसान और उसके साथी को अगवा कर पांच लाख रुपए की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात को अंजाम देने में कानून के रखवाले ही शामिल निकले। आरोप है कि CRPF के दरोगा जयप्रकाश यादव ने यूपी पुलिस के सिपाही पूरन सिंह और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 10 जून को इस लूट को अंजाम दिया।

कैसे रची गई साजिश

पुलिस के मुताबिक उन्नाव के रहने वाले किसान दिवाकर सिंह और उनके मित्र को एक कंपनी में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर कमता चौराहे पर बुलाया गया था। 10 जून को दिवाकर सिंह अपने मित्र अनूप शुक्ला के साथ कमता पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही CRPF दरोगा जयप्रकाश यादव ने दोनों को बोलेरो गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया।

कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी ने पिस्टल दिखाकर दिवाकर सिंह से पांच लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद पीड़ित ने CRPF दरोगा जयप्रकाश यादव, उसके साथी आनंद दुबे और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

जांच में सिपाही की भूमिका उजागर

मामले की पड़ताल के दौरान चिनहट पुलिस के सिपाही पूरन की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने सिपाही पूरन समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गोरखपुर का जावेद हुसैन, आसिफ और संत कबीर नगर का प्रवेश त्रिपाठी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो कार और सवा लाख रुपए भी बरामद किए हैं।

दरोगा समेत दो आरोपी फरार

CRPF दरोगा जयप्रकाश यादव और उसके साथी आनंद दुबे अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी तलाश में टीमें जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा जयप्रकाश यादव CRPF के बिजनौर कैंप में तैनात है।

पुलिस ने क्या बताया

डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि दिवाकर सिंह खेती करते हैं, जबकि उनके दोस्त अनूप शुक्ला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। कुछ समय पहले अनूप की जान-पहचान आरोपी जयप्रकाश यादव से हुई थी, जो CRPF कैंप बिजनौर में रहता है। दोनों ने मिलकर दिवाकर सिंह को एक कंपनी में निवेश का झांसा देकर लखनऊ बुलाया और फिर कामता चौराहे से बोलेरो में बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद पिस्तौल दिखाकर उनसे पांच लाख रुपए लूट लिए गए।

उन्होंने बताया कि इस मामले में यूपी पुलिस के सिपाही समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आरोपी दरोगा जयप्रकाश यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप