व्यापार
एक घंटा पहले
2
विचारों
बीते सप्ताह घरेलू सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। ईरान संकट के चलते ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी के भाव लगातार ऊपर-नीचे होते रहे, जिसका सीधा असर घरेलू कीमतों पर भी पड़ा। नतीजतन सोना एक बार फिर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे फिसल गया। दिल्ली सराफा बाजार में सोने की कीमत घटकर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई।
पूरे सप्ताह के दौरान सोने के भाव में 3 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी में करीब 14 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई।
एक दिन में 400 रुपये टूटा सोना
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 400 रुपये गिरकर 1,59,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जबकि इससे एक दिन पहले यह 1.60 लाख रुपये के स्तर तक पहुंच गई थी। यह गिरावट ऐसे सप्ताह के बाद आई जिसमें इस कीमती धातु का भाव लगभग हर सत्र में कभी चढ़ा तो कभी गिरा। इस उतार-चढ़ाव के कारण निवेशकों के बीच पूरे सप्ताह अनिश्चितता बनी रही।
सप्ताह भर में 3 हजार की गिरावट
इस सप्ताह सोने की कीमत में 3,000 रुपये यानी करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई, जो कीमती धातु के बाजारों में छाई अनिश्चितता को दर्शाती है। चांदी में तो इससे भी तेज गिरावट देखने को मिली। लगातार तीसरे सत्र में कमजोरी जारी रखते हुए चांदी 5,000 रुपये लुढ़ककर 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पूरे सप्ताह के दौरान चांदी के भाव में करीब 14,000 रुपये की गिरावट रही, जो प्रतिशत में लगभग 5.09 फीसदी के आसपास बैठती है।
क्यों आई सोने-चांदी में गिरावट
विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों की कमजोरी और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विदेशी पूंजी को आकर्षित करने तथा घरेलू मुद्रा को सहारा देने के उपायों की घोषणा के बाद रुपये में आई मजबूती ने सराफा कीमतों पर दबाव बनाया है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार की कमजोरी और रुपये में तेज सुधार के अतिरिक्त दबाव के चलते शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई। उन्होंने कहा कि निवेशकों ने भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और इस बढ़ती उम्मीद के बीच संतुलन साधने की कोशिश की कि अमेरिकी ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती हैं।
ग्लोबल मार्केट में कितना है भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,470.79 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी एक फीसदी से अधिक टूटकर 72.89 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध की सहायक उपाध्यक्ष कायनात चेनवाला ने बताया कि शुक्रवार को हाजिर सोने की कीमत में हल्की गिरावट रही और यह लगातार दूसरे सप्ताह नुकसान की ओर बढ़ रहा है। ग्लोबल मार्केट में आई इसी कमजोरी के चलते घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी के दाम नीचे दिख रहे हैं।
अमेरिकी बॉन्ड ने भी बढ़ाया दबाव
पिछले सत्र में सोने की कीमतों को थोड़ी राहत मिली थी, क्योंकि बॉन्ड प्रतिफल में कमी, अमेरिकी डॉलर के कमजोर पड़ने और वॉशिंगटन-तेहरान वार्ता को लेकर बनी हल्की कूटनीतिक उम्मीद ने भाव को ऊपर उठाया था। हालांकि हिज्बुल्ला द्वारा अमेरिका की मध्यस्थता में हुए इजराइल-लेबनान युद्धविराम को ठुकराते ही यह बढ़त जल्द ही खत्म हो गई और सोने की कीमतों में फिर से गिरावट लौट आई।
Comments
0 comment