सुरक्षा घटाए जाने से नाराज लालू परिवार, राबड़ी देवी ने अपने सभी सुरक्षाकर्मियों को लौटाया बिहार 3 महीने पहले 68
सुरक्षा में कटौती के विरोध में लालू परिवार ने अपने सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। दो दिन पहले गृह विभाग ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा समाप्त कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी।

सुरक्षा में कटौती के फैसले के बाद लालू परिवार ने अपने सभी सुरक्षाकर्मियों को लौटा दिया है। राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड के भीतर तथा मुख्य द्वार पर इस समय एक भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं है। खुद राबड़ी देवी ने सभी कर्मियों को वहां से हट जाने का आदेश दिया। हालांकि ये सभी सुरक्षाकर्मी गेट से कुछ दूरी पर बाहर आकर खड़े हो गए। इससे ठीक 2 दिन पहले राज्य सुरक्षा समिति की अनुशंसा के आधार पर गृह विभाग ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा समाप्त कर दी थी।

अब दोनों नेताओं को बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था सौंपी गई है, जिसमें एस्कॉर्ट, बुलेट प्रूफ कार और 8 से 16 गार्ड शामिल हैं। इसके साथ ही लालू यादव के पुत्र और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव की वाई कैटेगरी सुरक्षा भी हटा ली गई है। अब उन्हें केवल एक बॉडीगार्ड उपलब्ध कराया गया है।

तेजस्वी और बहनों की सुरक्षा यथावत

तेजस्वी यादव की सुरक्षा में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है। उनकी पत्नी राजश्री और बहन मीसा भारती की सुरक्षा भी पहले की ही तरह बनी हुई है। तेजस्वी यादव को पूर्ववत वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा (एस्कॉर्ट) के साथ मुहैया कराई जाती रहेगी। हालांकि अब इसमें बीसैप के 1-4 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 6 बॉडीगार्ड और एस्कॉर्ट पार्टी के सदस्य शामिल रहेंगे। लालू की बड़ी बेटी एवं आरजेडी सांसद मीसा भारती के साथ पहले की तरह 3 बॉडीगार्ड तैनात रहेंगे। वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री को एक महिला बॉडीगार्ड की सुरक्षा प्रदान की गई है।

लालू की सुरक्षा अब कितनी मजबूत

लालू प्रसाद यादव को अब तक जेड प्लस सुरक्षा मिलती रही है, लेकिन सम्राट सरकार ने इसमें फेरबदल करते हुए उन्हें विशेष सुरक्षा व्यवस्था दे दी है। इसके तहत उन्हें बीसैप के 2 से 8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 2 बॉडीगार्ड, एचक्यूआरटी से पायलट एवं बुलेट प्रूफ कार तथा पटना जिला बल से एस्कॉर्ट और पायलट उपलब्ध कराए जाएंगे। दूसरी ओर, उनकी पत्नी राबड़ी देवी को लालू यादव की तुलना में अधिक सुरक्षा दी गई है। उन्हें बीसैप से 2-8 हाउस गार्ड, 3 महिला बॉडीगार्ड, 3 वर्दीधारी बॉडीगार्ड, HQRT से पायलट, बुलेट प्रूफ कार तथा पटना जिला बल से एस्कॉर्ट और पायलट मिलेंगे।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप