बिजली दरें बढ़ने से नाराज कांग्रेस का सड़कों पर प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका; डिप्टी सीएम अरुण साव का पलटवार मध्य प्रदेश एक महीने पहले 49
छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने कई जिलों में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और 400 यूनिट बिजली छूट बंद करने पर आपत्ति जताई। डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने राज्य के कई जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में दी जा रही 400 यूनिट बिजली छूट को बंद किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई, जबकि डिप्टी सीएम अरुण साव ने इस विरोध पर तीखा पलटवार किया।

कोंडागांव में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव

कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय के बाहर दो स्तर की बैरिकेडिंग लगाई थी, ताकि उन्हें कार्यालय परिसर में दाखिल होने से रोका जा सके। हालांकि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली की शक्ल में बस स्टैंड पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री का पुतला जलाते हुए जमकर नारेबाजी की गई। पुतला दहन के दौरान भी पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही।

आम जनता पर आर्थिक बोझ का आरोप

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों से आम जनता, किसान और छोटे व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस बढ़ोतरी के जरिए जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।

अंबिकापुर में मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग

अंबिकापुर के कांग्रेस घड़ी चौक पर भी बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में प्रदर्शन हुआ। यहां कांग्रेस मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। नेताओं ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कांग्रेस शासनकाल में मिल रही 400 यूनिट बिजली छूट बंद किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने छूट योजना को दोबारा लागू करने और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।

डिप्टी सीएम अरुण साव का पलटवार

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रही कांग्रेस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम और डर फैलाने का काम कर रही है। साव ने आरोप लगाया कि 5 साल सरकार में रहने के दौरान कांग्रेस ने न तो बिजली उत्पादन बढ़ाया और न ही व्यवस्था को मजबूत किया।

उन्होंने दावा किया कि बिजली दरों में बढ़ोतरी का आम उपभोक्ताओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि राज्य सरकार ने ऐसी व्यवस्था बनाई है जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं आएगा। साव के मुताबिक सरकार अब मुफ्त बिजली की दिशा में आगे बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को किफायती और लाभकारी बताते हुए अरुण साव ने कहा कि इस योजना के जरिए लोग बिजली बचाने के साथ-साथ आमदनी भी कमा सकते हैं।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप