मध्य प्रदेश
2 घंटे पहले
2
विचारों
मध्य प्रदेश के जबलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय नशीले इंजेक्शन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। शहर की क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर हजारों की संख्या में घातक और प्रतिबंधित इंजेक्शनों का जखीरा बरामद किया, जिसे उत्तर प्रदेश से लाकर यहां खपाया जा रहा था। मामले में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव समेत कई आरोपियों को दबोचा गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ा, जिसके तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी गिरफ्तारियां की गईं।
संदिग्ध ऑटो से खुली पहली कड़ी
पहली कार्रवाई बेलबाग थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने संदिग्ध हालत में एक ऑटो चालक को रोककर उसके पास से चार पेटियां जब्त कीं। जब इन पेटियों की तलाशी ली गई तो पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए, क्योंकि उनमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन भरे हुए थे। सख्ती से पूछताछ के बाद इस पूरे सिंडिकेट की कड़ियां एक-एक कर सामने आती चली गईं।
यूपी से मंगाई जा रही थी खेप
ऑटो चालक से शुरू हुई जांच की कड़ियां हनुमानताल के आरिफ, गोहलपुर के अमजद और फिर ओमती के एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अशरफ तक जा पहुंचीं। पुलिस ने जब अशरफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने मदन महल के रहने वाले एक और एमआर सौरभ नामदेव का नाम बताया। पूछताछ में सामने आया कि सौरभ सीधे उत्तर प्रदेश से नशीले इंजेक्शनों की यह बड़ी खेप लगातार जबलपुर मंगवा रहा था।
पहले मामले में 3400 इंजेक्शन जब्त
इस गिरोह से कुल 3400 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए, जिनमें 2000 इंजेक्शन बुप्रिनोर्फिन और करीब 1,200 इंजेक्शन एविल के शामिल थे।
दूसरी टीम ने अधारताल में दी दबिश
दूसरी तरफ पुलिस की एक अन्य टीम ने अधारताल थाना क्षेत्र में दबिश देकर गीतांशु साहू नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गीतांशु के कब्जे से भी अवैध नशे का भारी जखीरा बरामद हुआ। उसके पास से लगभग 2300 एविल और 1100 बुप्रिनोर्फिन के इंजेक्शन मिले, जिन्हें मिलाकर कुल संख्या 3400 तक पहुंच गई।
कुल 6 आरोपी गिरफ्तार
दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 6600 से ज्यादा खतरनाक इंजेक्शन जब्त किए। पुलिस का कहना है कि शहर के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले इस बड़े नेटवर्क की रीढ़ तोड़ दी गई है। नशे के खिलाफ जबलपुर पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Comments
0 comment