जन्मतिथि बताएगी रिटायरमेंट के बाद कैसी होगी जिंदगी, 5, 14 और 23 को जन्मे लोग आजमाएंगे नई राहें धर्म 10 घंटे पहले 2
अंक ज्योतिष के अनुसार जन्मतिथि से बने मूलांक से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि सेवानिवृत्ति के बाद किसी व्यक्ति की जिंदगी कितनी सक्रिय, शांत, आध्यात्मिक या आनंदमय रहेगी। जानिए मूलांक 1 से 9 तक हर अंक के लिए रिटायरमेंट के बाद का संभावित जीवन।

सेवानिवृत्ति जीवन का वह मोड़ होता है, जब जिम्मेदारियां घटने लगती हैं और व्यक्ति को आत्मचिंतन, सुकून तथा अपने अधूरे सपनों को जीने का अवसर मिलता है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि आपकी जन्मतिथि इस दौर की झलक पहले ही दे सकती है? अंक ज्योतिष का मानना है कि जन्मतिथि व्यक्ति के स्वभाव, पसंद, सोच और आने वाले समय की दिशा को दर्शाती है। इसी आधार पर यह समझा जा सकता है कि रिटायरमेंट के बाद किसी की जिंदगी व्यस्त रहेगी, शांत, आध्यात्मिक या फिर खुशियों से भरी।

विशेषज्ञों के मुताबिक हर जन्मांक के साथ एक विशेष ऊर्जा जुड़ी होती है, जो व्यक्ति की सामाजिक आदतों, जीवनशैली और भावनात्मक जरूरतों पर असर डालती है। आइए जानते हैं कि अलग-अलग मूलांक वाले लोगों का रिटायरमेंट के बाद का जीवन कैसा रह सकता है।

मूलांक 1 : सक्रिय और स्वतंत्र जीवन

जिनका जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को होता है, उनका मूलांक 1 होता है और इसके स्वामी सूर्यदेव हैं। ऐसे लोगों की सेवानिवृत्ति भी काफी सक्रिय और स्वतंत्र बीतती है। कई लोग रिटायरमेंट के बाद भी अपने पैशन प्रोजेक्ट्स, नेतृत्व की भूमिकाओं या कारोबार में जुटे रह सकते हैं। इनके लिए सामाजिक प्रभाव और आर्थिक पक्ष पर ध्यान आगे भी बना रहता है।

मूलांक 2 : शांत और भावनात्मक संतोष

किसी भी माह की 2, 11, 20 या 29 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 2 होता है और इसके स्वामी चंद्रमा हैं। ऐसे लोग शांत और भावनात्मक रूप से संतुष्ट सेवानिवृत्ति की उम्मीद रख सकते हैं। अंक ज्योतिष कहता है कि ये लोग परिवार, पोते-पोतियों और करीबी मित्रों के साथ अधिक समय बिताना पसंद करते हैं। शांत वातावरण और आध्यात्मिक गतिविधियां इन्हें आकर्षित करती हैं।

मूलांक 3 : यात्रा और रचनात्मकता से भरपूर

हर महीने की 3, 12, 21 और 30 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 3 होता है, जिसके स्वामी गुरु ग्रह हैं। इनकी रिटायरमेंट लाइफ खासी सक्रिय और सामाजिक रहती है। ये खूब यात्राएं कर सकते हैं, आयोजनों में शामिल हो सकते हैं और लेखन, संगीत या अध्यापन जैसे रचनात्मक शौकों में व्यस्त रह सकते हैं।

मूलांक 4 : अनुशासन और स्थिरता को महत्व

किसी भी महीने की 4, 13, 22 और 31 तारीख को जन्म लेने वालों का मूलांक 4 होता है और इसके स्वामी छाया ग्रह राहु हैं। ये लोग सेवानिवृत्ति में भी अनुशासन और स्थिरता को तरजीह देते हैं। धन और दैनिक दिनचर्या को बखूबी संभालने वाले ये लोग प्रॉपर्टी मैनेजमेंट, बागवानी या व्यवस्थित जीवनशैली के लिए समय निकालते हैं।

मूलांक 5 : नई चीजों की खोज में रुचि

हर माह की 5, 14 और 23 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 5 होता है, जिसके स्वामी बुध ग्रह हैं। इन्हें साहसी और स्वच्छंद स्वभाव का माना जाता है। अंक ज्योतिष के अनुसार ये लोग बंधी-बंधाई दिनचर्या में नहीं रहते, बल्कि यात्रा करने, नई चीजें एक्सप्लोर करने और नए अनुभव जुटाने में यकीन रखते हैं। आमतौर पर ये सामाजिक और ऊर्जा से भरपूर बने रहते हैं।

मूलांक 6 : आरामदायक और परिवार केंद्रित

किसी भी महीने की 6, 15 और 24 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 6 होता है और इसके स्वामी शुक्रदेव हैं। ऐसे लोग आरामदायक और परिवार पर केंद्रित सेवानिवृत्ति की उम्मीद रख सकते हैं। इन्हें घर को सजाना-संवारना, अपनों के साथ बेहतरीन समय बिताना और सामुदायिक या परोपकार के कामों में भाग लेना पसंद होता है।

मूलांक 7 : एकांत और आध्यात्मिकता की ओर

हर महीने की 7, 16 और 25 तारीख को जन्म लेने वालों का मूलांक 7 होता है, जिसके स्वामी केतु हैं। ये लोग रिटायरमेंट के बाद एकांत और आध्यात्मिकता की ओर झुक सकते हैं। पढ़ना, ध्यान करना, धार्मिक स्थलों की यात्रा करना या गहरे दार्शनिक विषयों में रुचि लेना इनकी पसंद होती है। इन्हें शांत जीवन भाता है।

मूलांक 8 : महत्वाकांक्षी और आर्थिक रूप से अनुशासित

किसी भी माह की 8, 17 और 26 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है और इसके स्वामी शनिदेव हैं। ये लोग महत्वाकांक्षी होने के साथ आर्थिक रूप से अनुशासित भी होते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी ये कारोबार, निवेश या दूसरों को मार्गदर्शन देने में सक्रिय रह सकते हैं। दीर्घकालिक सुरक्षा और विरासत खड़ी करने की सोच इनमें रहती है।

मूलांक 9 : सेवा और सामाजिक जुड़ाव

हर महीने की 9, 18 और 27 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 9 होता है और इसके स्वामी मंगल देव हैं। ये लोग रिटायरमेंट के बाद दूसरों की मदद करने और समाज से भावनात्मक रूप से जुड़े रहने में विश्वास रखते हैं। अंक ज्योतिष के अनुसार ये परोपकार के कार्यों, युवाओं को राह दिखाने या मानवता से जुड़े कामों में हिस्सा ले सकते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!