खेल
2 घंटे पहले
4
विचारों
भारतीय महिला क्रिकेट टीम 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में मैदान पर उतरेगी, जिसकी मेजबानी इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड कर रहा है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ करेगी। बीते कुछ वर्षों में भारत ने टी20 फॉर्मेट में जिस तरह का दमदार खेल दिखाया है, उसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई का बड़ा योगदान रहा है। यही वजह है कि फैंस इस बार टीम से पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अब तक के सभी टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रहीं हरमनप्रीत के पास इस संस्करण में बतौर कप्तान एक खास क्लब में अपना नाम दर्ज कराने का बढ़िया मौका भी है।
हरमनप्रीत को चाहिए महज 19 रन
महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के नाम है, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में कप्तान के तौर पर 30 मुकाबले खेलकर 854 रन जुटाए हैं। इस सूची में हरमनप्रीत कौर चौथे स्थान पर मौजूद हैं और उन्होंने 19 मैचों में कप्तानी करते हुए 32.06 की औसत से 481 रन बनाए हैं। यानी अब सिर्फ 19 रन और बनाते ही हरमनप्रीत महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान 500 या उससे ज्यादा रन पूरे करने वाली चौथी तथा पहली भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी। इस फेहरिस्त में हरमनप्रीत से आगे मेग लैनिंग के साथ-साथ चार्लोट एडवर्ड्स और चमारी अटापट्टू का नाम शामिल है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन
- मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 854 रन
- चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 768 रन
- चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) - 500 रन
- हरमनप्रीत कौर (भारत) - 481 रन
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 473 रन
हरमन और अटापट्टू के बीच कड़ी टक्कर
आगामी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर और श्रीलंकाई टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू के बीच एक रोमांचक मुकाबला भी देखने को मिलने वाला है। दोनों के बीच इस बात की होड़ रहेगी कि बतौर कप्तान महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में नंबर-1 की कुर्सी किसके पास रहती है। फिलहाल इस मामले में हरमनप्रीत कौर शीर्ष पर काबिज हैं और उनके खाते में 3145 रन दर्ज हैं। दूसरी ओर चमारी अटापट्टू ने कप्तान के रूप में 3131 रन बनाए हैं और इस तरह दोनों खिलाड़ियों के बीच महज 14 रनों का फासला रह गया है।
Comments
0 comment