हिमाचल प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने सोच-समझकर बिछाए गए जाल के जरिए इस ठग दुल्हन को पकड़ लिया, जिसके बाद उसकी करतूतों का सच सामने आ सका।
गलोड क्षेत्र में रचा गया धोखे का खेल
जिला हमीरपुर के पास पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत आने वाले गलोड क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शादी करने के बाद फरार हुई दुल्हन को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अहम भूमिका निभाने वाली बिचौलिया महिला को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद फर्जी दुल्हन जम्मू जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वहां पहुंचने के बजाय वह पंजाब के बटाला पहुंच गई।
दस्तावेजों पर शक से खुली पोल
पीड़ित युवक मनीष कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी फरवरी 2026 में पंजाब के अमृतसर में हुई थी। शादी के बाद उसे अपनी पत्नी के कागजात पर संदेह हुआ और जब उनकी जांच कराई गई तो वे फर्जी निकले। जैसे ही युवक ने इसका विरोध किया, उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं।
सात लाख रुपये खर्च होने का दावा
मनीष कुमार के मुताबिक इस शादी में उसके करीब सात लाख रुपये खर्च हुए हैं और उसने पुलिस से यह रकम वापस दिलाने की मांग की है। उसका कहना है कि फर्जी दुल्हन चार दिन पहले जम्मू जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा था।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और महिला की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की, मगर इसमें कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बदलते हुए जाल बिछाया और महिला को बड़सर बुलाया। महिला पुलिस की इस चाल को भांप नहीं पाई और बड़सर पहुंच गई, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कई शादियां कर चुकी है आरोपी
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में शादी के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में बड़सर में दर्ज एक मामले में शीतल नामक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि यह महिला शादी करके लोगों को ठगती थी और बाद में फरार हो जाती थी। जांच में सामने आया कि वह अब तक कई शादियां कर चुकी है और शिकायतकर्ता मनीष के साथ भी उसने धोखाधड़ी की।
पुलिस की लोगों से अपील
एसपी ने लोगों से अपील की है कि विवाह संबंध तय करने से पहले संबंधित व्यक्ति का पूरी तरह सत्यापन कर लें और किसी भी तरह का संदेह होने पर तुरंत पुलिस से मदद लें। उन्होंने यह भी कहा कि बिचौलियों के माध्यम से रिश्ता तय करते समय विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
Comments
0 comment