उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां रात का खाना खाकर सोए एक परिवार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ते ही परिजन तीनों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर इलाज के दौरान दो मासूम भाई-बहन की जान चली गई। वहीं बच्चों की मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
रात को खाया खाना, फिर बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि मां और दोनों बच्चों ने रात के समय नारियल पानी पिया, इसके बाद पास्ता और ब्रेड खाया, पपीता खाया और फिर दूध पीया था। खाना खाने के बाद तीनों सोने चले गए। लेकिन देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां 8 साल की दीपांशी और 6 साल के प्रिंस ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चों की मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिवार रबूपुरा के शांति नगर का निवासी
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित मोहल्ला शांति नगर की रहने वाली 35 वर्षीय रूबी, उनकी 8 साल की बेटी दीपांशी और 6 साल का बेटा प्रिंस रात को भोजन करने के बाद सो गए थे। देर रात अचानक तीनों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने तीनों की स्थिति को गंभीर बताया। सोमवार को इलाज के दौरान पहले बेटी दीपांशी और उसके बाद उसके छोटे भाई प्रिंस की मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। शुरुआती छानबीन में तीनों की तबीयत अचानक खराब होने की कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने अब तक किसी जहरीले पदार्थ के सेवन, जहरीले भोजन या किसी साजिश की आशंका नहीं जताई है। फिर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
Comments
0 comment