उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
3
विचारों
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव में हुई, जहां पुलिस की जवाबी फायरिंग में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
होटल कारोबारी के बेटे की हत्या में था वांछित
कमलेश होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में 29 मई को विनीत राय की हत्या कर दी गई थी। तभी से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई थीं।
एसपी ईरज राजा के अनुसार, 29 और 30 की रात लगभग 11.25 बजे कुछ बदमाशों ने विपिन राय की हत्या कर दी थी, जो एक होटल संचालक थे। इस मामले में नामजद तहरीर मिलने पर चार नामजद और तीन अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि तभी से पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थीं।
इनपुट के बाद पहुंची टीम पर चलाई गोली
एसपी ने बताया कि आज शाम प्रमुख अभियुक्त कमलेश चौधरी के बारे में एक इनपुट मिला। कमलेश कोतवाली क्षेत्र का ही रहने वाला था। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमलेश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वाट प्रभारी के कंधे में लगी गोली
इस मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गए। उनके कंधे में गोली लगी है और उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है।
मुख्य अभियुक्त की तलाश जारी
एसपी ईरज राजा ने बताया कि मुख्य अभियुक्त शंकर पांडे और उसके साथी की तलाश की जा रही है। शंकर पांडे पर भी एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 comment