खेल
2 घंटे पहले
2
विचारों
फीफा विश्व कप 2026 में भले ही भारतीय टीम मैदान पर न उतरी हो, लेकिन इस मेगा टूर्नामेंट में भारत का नाम जरूर सुनाई दिया। इसकी वजह बने भारतीय मूल के फुटबॉलर निशान वेलुपिल्लई, जिन्हें तुर्की के खिलाफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेब्यू करने का अवसर मिला। निशान मैच के 61वें मिनट में मैदान पर उतरे और इस भिड़ंत में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत दर्ज की।
निशान वेलुपिल्लई का वर्ल्ड कप डेब्यू
फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तुर्की को 2-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत की भी चर्चा रही, क्योंकि इसी मैच में भारतीय मूल के फुटबॉलर निशान वेलुपिल्लई ने विश्व कप में अपना डेब्यू किया। एंग्लो-इंडियन मां गिलियन वेलुपिल्लई के बेटे निशान ने 61वें मिनट में सब्सटिट्यूट के रूप में मैदान पर कदम रखा।
अपने डेब्यू मुकाबले में निशान ने रक्षापंक्ति में दमदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा। जिस समय तुर्की के खिलाड़ी हर हाल में गोल दागने की कोशिश में जुटे थे, उस वक्त निशान ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस को बिखरने नहीं दिया। 25 वर्षीय निशान इस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं 8 मैच
निशान ने साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया की ओर से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। चीन के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफायर में डेब्यू करते हुए उन्होंने मैदान पर आने के केवल सात मिनट बाद ही गोल दागकर टीम को 3-1 की जीत दिला दी थी। यह गोल उनके करियर के लिए एक अहम पड़ाव साबित हुआ।
ऑस्ट्रेलिया के लिए निशान अब तक विश्व कप डेब्यू समेत कुल 8 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम तीन गोल दर्ज हैं। उनके ये सभी गोल विश्व कप क्वालीफायर मुकाबलों में आए हैं। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलियाई कोच टोनी पोपोविच ने उन्हें विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम 26 सदस्यीय टीम में जगह दी।
ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से दर्ज की जीत
ग्रुप डी के अपने शुरुआती मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत हासिल कर 24 साल बाद विश्व कप के मंच पर लौटी तुर्की की वापसी का रंग फीका कर दिया। नेस्टोरी ईरानकुंडा ने पहले हाफ में एक जवाबी हमले पर शानदार फिनिश के साथ तुर्की की रक्षापंक्ति को भेद दिया, जबकि कॉनर मेटकाफ ने 75वें मिनट में दूसरा गोल किया।
ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता एक जवाबी हमले से मिली, जब ईरानकुंडा ने ओवर-द-टॉप गेंद को नियंत्रित किया, एक डिफेंडर को चकमा देकर आगे निकले और 27वें मिनट में नियर पोस्ट के भीतर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया की मजबूत रक्षापंक्ति ने तुर्की के तमाम हमलों को नाकाम किया और सॉकरूज ने 75वें मिनट में अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया।
Comments
0 comment