वर्धा नदी में नहाने उतरे पांच दोस्तों की डूबकर मौत, आखिरी सेल्फी आई सामने; सभी शव बरामद महाराष्ट्र एक घंटा पहले 2
चंद्रपुर के घुग्घुस क्षेत्र में वर्धा नदी में नहाने गए पांच दोस्त डूब गए। करीब 15 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह सभी के शव निकाल लिए गए।

चंद्रपुर: जिले के घुग्घुस क्षेत्र में हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। यहां वर्धा नदी में नहाने गए पांच दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नदी किनारे पहुंचने के बाद युवकों ने अपने मोबाइल से एक सेल्फी भी खींची थी, लेकिन उस समय किसी को यह आभास नहीं था कि वही तस्वीर उनकी आखिरी निशानी बन जाएगी। करीब 15 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद मंगलवार सुबह पांचों युवकों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए। इस दर्दनाक हादसे ने मृतकों के परिवारों पर गमों का पहाड़ गिरा दिया है, वहीं घुग्घुस के इंदिरा नगर परिसर में मातम पसरा हुआ है।

नहाने के लिए साथ निकले थे पांचों युवक

मिली जानकारी के मुताबिक घुग्घुस शहर के इंदिरा नगर के रहने वाले ये पांच युवक सोमवार दोपहर अपने घर से निकले थे। वे माथारदेवी परिसर में स्थित वर्धा नदी में नहाने और तैरने के इरादे से गए थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो उठे और उनकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान नदी के किनारे युवकों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें पड़ी मिलीं। आशंका गहराने पर परिजनों ने इसकी सूचना घुग्घुस पुलिस को दी। इसके बाद घुग्घुस पुलिस ने चंद्रपुर पुलिस की रेस्क्यू टीम के सहयोग से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि रात के अंधेरे के चलते तलाशी में दिक्कत आई और अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।

सभी मृतकों की हुई शिनाख्त

मंगलवार सुबह चंद्रपुर पुलिस के बचाव एवं खोज दल की मदद से दोबारा अभियान शुरू किया गया। नावों के सहारे नदी में युवकों की तलाश की गई। सबसे पहले एक युवक का शव मिला, इसके बाद बारी-बारी से पांचों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार नदी की गहराई का सही अंदाजा न लगने के कारण युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान तन्मय पथाडे, सम्यक सोनटक्के, नकुल केलजरकर, सन्नी आसमपल्ली और रोहित बोबले के रूप में हुई है। सभी युवक 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के थे और एक ही इलाके के निवासी थे।

करीब 15 घंटे चला बचाव अभियान

इस हादसे को लेकर घुग्घुस पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत ने बताया कि नदी किनारे युवकों के कपड़े, मोबाइल और चप्पलें मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। चंद्रपुर पुलिस की विशेष खोज टीम की मदद से करीब 13 से 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शव बरामद कर लिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!