फीफा वर्ल्ड कप 2026, चौथा दिन: सुपर संडे पर जर्मनी-कुराकाओ आमने-सामने, जापान से भिड़ेगा नीदरलैंड, जानें पूरा कार्यक्रम खेल 2 घंटे पहले 2
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के चौथे दिन फुटबॉल प्रेमियों को चार दमदार मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिनमें जर्मनी बनाम कुराकाओ और नीदरलैंड बनाम जापान की हाई-वोल्टेज भिड़ंत खास आकर्षण रहेंगे।

फीफा वर्ल्ड कप 2026, चौथे दिन का कार्यक्रम: टूर्नामेंट का रोमांच हर बीतते दिन के साथ नई ऊंचाई छू रहा है। चौथे दिन फुटबॉल फैंस को एक से बढ़कर एक मुकाबले देखने को मिलेंगे। एक ओर चार बार की चैंपियन जर्मनी अपने अभियान की शुरुआत करेगी, तो दूसरी ओर नीदरलैंड और जापान के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। इनके अलावा आइवरी कोस्ट बनाम इक्वाडोर और स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया के मुकाबले भी दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंचा देंगे।

जर्मनी करेगी अभियान की शुरुआत

दिन का पहला अहम मुकाबला जर्मनी और कुराकाओ के बीच खेला जाएगा। जर्मन टीम पिछले दो वर्ल्ड कप में मिली नाकामी को पीछे छोड़कर इस बार दमदार वापसी करने के लिए बेताब है। साल 2014 में खिताब जीतने के बाद टीम लगातार दो वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी, इसलिए इस बार शानदार आगाज का दबाव उस पर साफ नजर आएगा। वहीं कुराकाओ अपने इतिहास में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप का हिस्सा बना है। करीब 1.56 लाख की आबादी वाला यह छोटा सा देश पहली दफा फुटबॉल के इस सबसे बड़े मंच पर उतर रहा है।

नीदरलैंड और जापान के बीच कांटे की टक्कर

इसके बाद दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला नीदरलैंड और जापान के बीच खेला जाएगा। तीन बार वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुकी डच टीम एक बार फिर खिताब पर निगाहें गड़ाए मैदान में उतरेगी। नीदरलैंड ने 1974 से लेकर अब तक खेले लगभग हर वर्ल्ड कप में नॉकआउट चरण तक का सफर तय किया है। दूसरी तरफ जापान एशिया की सबसे मजबूत टीमों में गिना जाता है और लगातार आठवीं बार वर्ल्ड कप खेल रहा है। साल 1998 में पहली बार इस मंच पर कदम रखने के बाद जापानी टीम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ऐसे में इस मुकाबले के बेहद कड़े रहने की उम्मीद है।

आइवरी कोस्ट और इक्वाडोर की भिड़ंत

ग्रुप-ई के एक और मुकाबले में आइवरी कोस्ट का सामना इक्वाडोर से होगा। इक्वाडोर लगातार दूसरी और कुल मिलाकर पांचवीं बार वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा है। दक्षिण अमेरिकी क्वालिफायर में टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अर्जेंटीना के बाद दूसरा स्थान हासिल किया था। वहीं आइवरी कोस्ट 12 साल के लंबे इंतजार के बाद वर्ल्ड कप में लौटा है। इस अफ्रीकी टीम ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन कर सीधे टिकट पक्का किया। साल 2014 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही आइवरी कोस्ट इस बार बेहतर नतीजे की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी।

स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया

दिन के आखिरी मुकाबले में स्वीडन और ट्यूनीशिया की टीमें आमने-सामने होंगी। ट्यूनीशिया सातवीं बार वर्ल्ड कप खेल रहा है और लगातार तीसरी बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा बना है, हालांकि टीम अब तक ग्रुप स्टेज की बाधा पार नहीं कर पाई है। दूसरी ओर स्वीडन अपने 13वें फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा है। टीम 1994 में अमेरिका में खेले गए वर्ल्ड कप में तीसरे स्थान पर रही थी और इस बार भी वैसे ही प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश में रहेगी।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में चौथे दिन का शेड्यूल

  • जर्मनी बनाम कुराकाओ – रात 10:30 बजे (14 जून, IST)
  • नीदरलैंड बनाम जापान – रात 1:30 बजे (15 जून, IST)
  • आइवरी कोस्ट बनाम इक्वाडोर – सुबह 4:30 बजे (15 जून, IST)
  • स्वीडन बनाम ट्यूनीशिया – सुबह 7:30 बजे (15 जून, IST)

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!