धर्म
एक घंटा पहले
4
विचारों
Sawan Maas 2026 Start Date: सावन का महीना भगवान शिव को सबसे प्रिय माना जाता है और शिव भक्तों के लिए महादेव की कृपा प्राप्त करने का यह सबसे शुभ समय होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस महीने में की गई शिव आराधना का फल कई गुना होकर मिलता है, इसीलिए श्रद्धालु हर वर्ष सावन माह की प्रतीक्षा बड़ी बेसब्री से करते हैं। इस पूरे महीने में सोमवार के दिन का विशेष महत्व बताया गया है। आइए जानते हैं कि वर्ष 2026 में सावन कब से आरंभ हो रहा है और इस बार कितने सावन सोमवार पड़ने वाले हैं।
सावन 2026 कब से होगा शुरू?
वैदिक पंचांग के अनुसार इस वर्ष श्रावण मास का आरंभ 30 जुलाई 2026 से होगा और इसका समापन 28 अगस्त 2026 को होगा। भगवान शिव की भक्ति और साधना को समर्पित यह माह सर्वाधिक पवित्र समय माना जाता है, जब शिव भक्त विशेष पूजा-पाठ और व्रत के माध्यम से भोलेनाथ को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। इसी अवधि में कांवड़ यात्रा निकाली जाती है और मंदिरों में भी विशेष आयोजन होते हैं।
सावन सोमवार का क्या है महत्व?
वैसे तो सावन माह का प्रत्येक दिन शुभ माना जाता है, लेकिन सोमवार का महत्व सबसे अधिक बताया गया है। मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत रखकर और शिवलिंग का जलाभिषेक करके महादेव की विशेष कृपा प्राप्त की जा सकती है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई आराधना भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण करती है।
सावन 2026 में कितने पड़ेंगे सोमवार?
सावन 2026 में कुल 4 सावन सोमवार पड़ेंगे। इन दिनों भक्त व्रत रखकर भगवान शिव की विशेष उपासना कर सकते हैं। आइए जानते हैं सावन में पड़ने वाले सभी सोमवारों की तारीखें—
- पहला सावन सोमवार: 3 अगस्त 2026
- दूसरा सावन सोमवार: 10 अगस्त 2026
- तीसरा सावन सोमवार: 17 अगस्त 2026
- चौथा सावन सोमवार: 24 अगस्त 2026
सावन की शुरुआत और पहला सोमवार
इस बार सावन माह की शुरुआत गुरुवार के दिन से हो रही है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार गुरुवार को गुरु का दिन माना जाता है और भगवान शिव को आदिगुरु भी कहा गया है। यही वजह है कि इस वर्ष का सावन माह आध्यात्मिक लाभ की दृष्टि से और भी अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ेगा। कई श्रद्धालु इसी दिन से 16 सोमवार व्रत की शुरुआत भी करते हैं।
Comments
0 comment