हरियाणा
एक घंटा पहले
1
विचारों
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बल्लभगढ़ के मोहना रोड पर बन रहे एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पिछले करीब एक महीने से पूरी तरह रुका हुआ है। सड़क जगह-जगह से खुदी पड़ी है और पानी की डीआई पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा है। ऐसे हालात में आसपास के दुकानदारों, ऑटो चालकों और आने-जाने वाले लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है।
धूल-मिट्टी, बड़े-बड़े गड्ढों और लगातार लगने वाले जाम के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही घट गई है, जिसका सीधा असर व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है।
परियोजना की मौजूदा स्थिति
पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से मोहना में यह एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। इस परियोजना के तहत अब तक 90 पिलर खड़े किए जा चुके हैं। निर्माण कार्य जून 2024 में शुरू हुआ था और इसे दो साल में पूरा किया जाना है, लेकिन मौके पर अब तक करीब आधा ही काम हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से काम बंद पड़ा है और इससे उनकी दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कभी चालू, कभी बंद
दुकानदार राजकुमार शर्मा बताते हैं कि उनकी 50 साल पुरानी दुकान है। उनके मुताबिक यहां काम कभी शुरू हो जाता है तो कभी अचानक बंद हो जाता है।
सबसे ज्यादा दिक्कत हम जैसे दुकानदारों को हो रही है। ग्राहक आ ही नहीं रहे, पूरे दिन बस बैठे रहते हैं। दुकान तक आने का कोई ठीक रास्ता नहीं बचा। न मोटरसाइकिल आ सकती है और न ही कोई गाड़ी, फिर ग्राहक यहां तक पहुंचे तो कैसे। बगल में सरकारी अस्पताल है, वहां जाने वालों को भी परेशानी हो रही है। लोग पैदल अस्पताल जा रहे हैं और किसी को इमरजेंसी आ जाए तो बहुत मुश्किल हो जाती है।
धूल ने बढ़ाई तकलीफ
पास में छोटी सी वर्कशॉप चलाने वाले मोहम्मद अब्बास 45 साल से यहां काम कर रहे हैं। वे बताते हैं कि सबसे बड़ी परेशानी धूल-मिट्टी की है, जो दिन भर उड़ती रहती है।
पानी का छिड़काव भी नहीं हो रहा है। पहले दिन में दो बार छिड़काव होता था, लेकिन अब वह भी बंद कर दिया गया है। काम कभी चलता है तो कभी रुक जाता है और कई-कई दिन तक मशीनें यूं ही खड़ी रहती हैं। धूल के कारण काम करना भी मुश्किल हो गया है।
ऑटो चालकों की मुश्किल
ऑटो चालक रवि रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं। वे कहते हैं कि कई दिनों से काम बंद है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इनमें पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते और ऑटो चलाना बेहद जोखिम भरा हो जाता है।
एक अन्य राहगीर रितिक बताते हैं कि आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। बारिश के बाद पूरी सड़क पर पानी भर जाता है, सड़क टूटी पड़ी है और रोज जाम लगता है। उनका कहना है कि यह काम जल्द पूरा होना चाहिए।
ऑटो चालक रचित का कहना है कि गड्ढों और कहीं ऊंची-कहीं नीची सड़क की वजह से हर वक्त ऑटो पलटने का डर बना रहता है।
मैं कई महीनों से देख रहा हूं, यहां काम बंद ही पड़ा रहता है। अगर जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो परेशानी और बढ़ जाएगी।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और सड़क पर रोजाना पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल-मिट्टी से कुछ राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण की वजह से न सिर्फ आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि बाजार और आसपास के कारोबार पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
Comments
0 comment