'मेरे दोस्त आगे भी हासिल करेंगे महान उपलब्धियां', पीएम मोदी को ट्रंप का खास संदेश राष्ट्रीय राजनीति 2 घंटे पहले 2
सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई दी और उन्हें महान प्रधानमंत्री बताया। दुनिया के कई राष्ट्राध्यक्षों ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं भेजीं।

भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से बधाई मिली है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पीएम मोदी के लिए एक खास संदेश साझा किया और उन्हें एक बार फिर महान व्यक्ति करार दिया।

ट्रंप का खास संदेश

ट्रूथ सोशल पर लिखे अपने संदेश में ट्रंप ने कहा, "मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई। और वह एक महान प्रधानमंत्री हैं। वे मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान व्यक्ति हैं तथा आने वाले वर्षों में भी महान उपलब्धियां और सफलता हासिल करेंगे।"

ट्रंप का यह संदेश ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के रिश्तों में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। ट्रेड डील काफी हद तक पूरी हो चुकी है और उस पर अब मुहर लगना बाकी है, जबकि एक्सपोर्ट और तेल खरीद के मुद्दों पर खींचतान जारी है। इसके बावजूद ट्रंप लगातार पीएम मोदी को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताते हुए उनकी तारीफ करते रहे हैं।

चर्चा यह भी है कि जी20 समिट में हिस्सा लेने के लिए जब पीएम मोदी फ्रांस पहुंचेंगे, तब राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी मुलाकात हो सकती है।

कई देशों के नेताओं ने दी शुभकामनाएं

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ मोदी के लंबे कार्यकाल का प्रमाण नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास और भरोसे का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत में हुए आर्थिक और सामाजिक बदलाव तथा मोदी की दूरदर्शी सोच ने देश के बाहर भी अनेक लोगों को प्रेरित किया है।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने के लिए उनके समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने पीएम मोदी की निरंतर सफलता और भारत की जनता के लिए शांति, प्रगति व समृद्धि की कामना की।

रूस और इजरायल की प्रतिक्रिया

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हुआ है। रूस ने भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत होने की उम्मीद भी जताई।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत-इजराइल मित्रता और मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी आगे भी मजबूत होती रहेगी।

कनाडा, इटली और साइप्रस से बधाई

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मोदी को बधाई देते हुए लोकतांत्रिक जनादेश और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने भारत-कनाडा संबंधों को आगे बढ़ाने और साझा हितों पर मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई।

इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने में पीएम मोदी के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की। वहीं साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की वर्षों की समर्पित सेवा और नेतृत्व को दर्शाती है, साथ ही उन्होंने भारत और साइप्रस के संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

डेनमार्क और दक्षिण कोरिया भी पीछे नहीं

डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने मोदी को बधाई दी और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम जारी रखने की इच्छा जताई। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा कि पीएम मोदी ने वर्षों से भारत की आर्थिक और विकासात्मक प्रगति का मार्गदर्शन किया है तथा देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व नेताओं की सराहना

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भारत ने बुनियादी ढांचे, सूचना प्रौद्योगिकी, बिजली और स्वच्छता के क्षेत्र में काफी सुधार किया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भी मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया, जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और दुनिया में उसकी प्रतिष्ठा को बदल दिया है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!