महाराष्ट्र
एक घंटा पहले
2
विचारों
मलाड के एक पॉश रिहायशी परिसर से गायब हुए एक कम्युनिटी डॉग की कथित हत्या की पड़ताल के लिए महाराष्ट्र की राज्य फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है। खास बात यह है कि मुंबई में किसी आवारा या कम्युनिटी डॉग की हत्या के मामले में यह पहली बार है, जब डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्रीज (DFSL) ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर फील्ड फॉरेंसिक जांच शुरू की है।
क्या है पूरा मामला?
यह जांच 'माइकी' नाम के उस कम्युनिटी डॉग के लापता होने से जुड़ी है, जो मढ़ स्थित रहेजा एक्सोटिका सोसायटी में रहता था। इस सोसायटी में बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां रहती हैं। सोसायटी के निवासी और अभिनेता संकेत कदम ने शनिवार को मालवणी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई।
CCTV फुटेज देने से इनकार
संकेत के बयान के मुताबिक, अभिनेत्री मंजरी फडनिस ने 29 मई को उन्हें बताया कि माइकी लापता हो गया है। दोनों ने सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर कई संदेश भेजे, मगर कुत्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। कदम का आरोप है कि सोसायटी सेक्रेटरी ने कुत्ते को लेकर गोलमोल जवाब दिए, वहीं मैनेजर और हाउसकीपिंग सुपरवाइजर ने यह कहकर सीसीटीवी फुटेज देने से मना कर दिया कि उसे फॉर्मेट कर दिया गया है।
पहले भी हो चुकी थी माइकी से मारपीट
कदम ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि सोसायटी प्रबंधन का रवैया पहले से ही माइकी के प्रति शत्रुतापूर्ण था। उनका दावा है कि सचिव और हाउसकीपिंग स्टाफ इससे पहले भी माइकी के साथ मारपीट कर चुके थे और उसे परिसर से हटाने की कोशिश करते रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला गया और फिर सबूत मिटाने के लिए उसके शव को ठिकाने लगा दिया गया।
DFSL की एक विशेष टीम ने सोसायटी का दौरा कर संदिग्ध जगहों से कई नमूने जुटाए। सूत्रों के अनुसार, बरामद साक्ष्यों में संदिग्ध खून के छींटों के नमूने भी शामिल हैं, जिनकी जांच चल रही है।
कुत्ते से बेरहमी पर फूट-फूटकर रोईं अभिनेत्री
बीते सोमवार को मंजरी फडनिस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि एक व्यक्ति ने यह स्वीकार किया है कि माइकी को पीट-पीटकर मार दिया गया और उसके शव को पास की खाड़ी में फेंक दिया गया। वीडियो में रोते हुए उन्होंने बताया कि माइकी पहले एक पालतू कुत्ता था, जिसे उसके परिवार ने छोड़ दिया था और इसके बाद वह साल 2019 या 2020 में उनकी सोसायटी में आ गया। तभी से वह सोसायटी में ही रह रहा था और लोग उसकी देखभाल करते थे। मंजरी ने बताया कि माइकी के गायब होने पर सोसायटी के लोग उसे ढूंढ रहे थे, उन्होंने पोस्टर बनाकर आसपास के इलाकों में लगाए और सुरक्षाकर्मियों से भी बातचीत की ताकि उसका पता लगाया जा सके।
बेरहमी से पीटकर किया कुत्ते का बुरा हाल
वीडियो में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, 'काश मुझे यह वीडियो कभी न बनाना पड़ता, लेकिन मुझे लगता है कि यह बेहद जरूरी है।' मंजरी ने माइकी को बेहद प्यारा कुत्ता बताया और कहा कि इलाके के लोग लगातार उसे तलाश रहे थे। उन्होंने बताया कि सोसायटी के ही किसी व्यक्ति को माइकी बेसमेंट के पास मिला और उसे लगा कि वह शांति से सो रहा है, तभी उसके सिर पर डंडे या लोहे की रॉड से वार किया गया।
मंजरी आगे कहती हैं, 'वह बुरी तरह घबरा गया था। वे उसे घसीटकर B1 और लॉबी के बीच सीढ़ियों वाली जगह पर ले गए और उसे इतना मारा कि उसके मुंह से खून निकलने लगा। डर के मारे उसका मल-मूत्र निकल गया। वह मरने जैसी हालत में था, उन्होंने उसे एक बोरी में डाला और पीछे की एक खाली जगह पर फेंक दिया।'
इस मामले में अभिनेत्री नुसरत भरूचा, भूमि पेडनेकर और संध्या मृदुल समेत कई कलाकारों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग उठाई है।
Comments
0 comment