बिहार
एक महीने पहले
49
विचारों
शादी बनी रणक्षेत्र
मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना अंतर्गत बाजी बुजुर्ग पंचायत में एक विवाह समारोह उस वक्त पूरी तरह से हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब डीजे पर बजने वाले गानों को लेकर बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों में ठन गई। डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने को लेकर हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि बारात घर एक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस झड़प में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हंगामा इस कदर हुआ कि जयमाला की रस्म पूरी होने के तुरंत बाद शादी की अन्य रस्मों को बीच में ही रोकना पड़ गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि दूल्हा और उसके साथ आए 12 बारातियों को स्थानीय लोगों द्वारा बंधक बना लिया गया था। हालांकि, सोमवार को हुई लंबी पंचायत और बातचीत के बाद देर शाम शादी की प्रक्रिया संपन्न हो सकी।
गाने की फरमाइश बनी झगड़े की जड़
जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात बेगूसराय से बाजी बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी पवन मुखिया की बेटी की शादी में बारात पहुंची थी। बाराती बड़े उत्साह के साथ नाचते-गाते हुए दरवाजे तक पहुंच रहे थे, तभी डीजे पर 'मुजफ्फरपुर जिला तोड़ जीजा लगिए' गाना बजने लगा। चश्मदीदों का कहना है कि इसी बीच बेगूसराय से आए बारातियों ने डीजे संचालक से अपने जिले के नाम वाला गाना 'बेगूसराय जिला तोड़ जीजा लगिए' बजाने की मांग कर दी। इसी बात को लेकर दोनों गुटों में पहले तो कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
तोड़फोड़ और अफरा-तफरी का माहौल
विवाद के उग्र रूप धारण करते ही दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। जिस समय मंच पर जयमाला की रस्म चल रही थी, उस वक्त अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई। हिंसा के दौरान तीन मोटरसाइकिल सहित कई वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई। शादी की खुशियां डर के साए में बदल गईं और महिलाएं जान बचाकर घर के अंदर भागती हुई नजर आईं। बाद में गांव के बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर किसी तरह काबू पाया गया।
पंचायत के बाद संपन्न हुआ विवाह
मारपीट की इस घटना से खफा दूल्हा पक्ष ने आगे की शादी की रस्में निभाने से मना कर दिया था। इसके बाद सोमवार का पूरा दिन सुलह-समझौते के नाम रहा। दिनभर चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के बीच गाड़ियों की क्षति के मुआवजे को लेकर आपसी सहमति बनी। इसके बाद देर शाम शेष बची रस्मों को पूरा किया गया और दुल्हन की विदाई संपन्न हुई। इस मामले पर एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें शादी में मारपीट की जानकारी मिली थी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस के पास किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन यदि आवेदन मिलता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 comment