दिल्ली होटल अग्निकांड: फरार रसोइया पुलिस की गिरफ्त में, जांच में बड़े खुलासे की उम्मीद दिल्ली 3 महीने पहले 65
मालवीय नगर के फ्लरिश स्टे होटल में हुए भीषण अग्निकांड में दिल्ली पुलिस ने फरार चल रहे 65 वर्षीय रसोइया केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में 21 लोगों की जान जा चुकी है और जांच जारी है।

दिल्ली होटल अग्निकांड: मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुई भयावह आग की घटना में दिल्ली पुलिस ने एक और फरार आरोपी को दबोच लिया है। यह आरोपी उसी होटल में रसोइए के तौर पर काम करता था। जांच के दौरान सामने आया है कि इस रसोइए की लापरवाही भी आग भड़कने की एक वजह बनी। पुलिस ने इस मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ से अग्निकांड के असली कारणों का पर्दाफाश हो सकता है।

कौन है गिरफ्तार किया गया रसोइया?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, बीएंडबी के जिस शेफ को गिरफ्तार किया गया है उसका नाम केशव नेगी है। उसके पिता का नाम बखावर नेगी बताया गया है और उसकी उम्र 65 साल है। वह दिलशाद गार्डन का निवासी है। फिलहाल उससे पूछताछ और मामले की पड़ताल लगातार जारी है।

हादसे में गई थी 21 लोगों की जान

दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार को लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनका इलाज अब भी चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने और घायल होने वालों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे ज्यादातर लोग वे थे, जिनके परिजनों का इलाज पास ही मौजूद मैक्स अस्पताल में चल रहा था।

होटल मालिक भी गिरफ्तार, क्या रही हादसे की वजह?

मालवीय नगर अग्निकांड के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए फ्लरिश स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का कहना है कि होटल के संचालन में भारी लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप उजागर हुए हैं। आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया जा रहा है, वहीं सिलिंडर ब्लास्ट को भी घटना का एक संभावित कारण माना जा रहा है।

दिल्ली सरकार ने उठाए ये कदम

मालवीय नगर की इस घटना के बाद दिल्ली प्रशासन ने सभी बीएंडबी और गेस्ट हाउस की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली सरकार ने बेड-एंड-ब्रेकफास्ट (B&B) योजना के तहत नए लाइसेंस जारी करने पर भी रोक लगा दी है।

बताया जा रहा है कि कई जगहों पर इस योजना का गलत फायदा उठाया जा रहा था। इस योजना के तहत अधिकतम 6 कमरों में ही मेहमानों को ठहराने की अनुमति थी, लेकिन कुछ लोग 20-30 कमरों तक के होटल चला रहे थे।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप