दिल्ली
एक घंटा पहले
3
विचारों
दिल्ली में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान: मालवीय नगर की जिस गली में 21 लोगों की जान गई, अब उसी गली में बुलडोजर पहुंच चुका है। अवैध निर्माण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। दिल्ली के गिटौरनी में दो-दो बुलडोजर लगाकर एक बिल्डिंग को जमींदोज किया गया। वहीं, राजधानी में अवैध होटल और इमारतों को सील भी किया जा रहा है। हौजखास में एक अवैध होटल पर सरकारी टेप लगाई जा रही है।
दिल्ली में लागू हुआ योगी मॉडल
दिल्ली में अब योगी मॉडल का फॉर्मूला अपनाया जा रहा है। मालवीय नगर से करावल नगर और साकेत से रोहिणी तक अवैध निर्माण को नक्शे से हटाया जा रहा है। मालवीय नगर में बुलडोजर से होटल और दुकानों के बाहर बने फुटपाथ को तोड़ा गया है। इसके बाद हौजरानी के अवैध होटलों पर बारी आने वाली है, क्योंकि वहां सरकारी टीम ने सीलिंग वाला टेप लगाना शुरू कर दिया है।
एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई
राजधानी में यह कार्रवाई किसी एक जगह तक सीमित नहीं है और न ही सरकारी टेप किसी एक इलाके में लगाई जा रही है। नापने और हटाने का काम पूरी दिल्ली में एक साथ शुरू हुआ है। मालवीय नगर, हौजरानी, शालीमार बाग, शहजादा बाग, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और साकेत में बुलडोजर एक्शन की गूंज सुनाई दी है।
रोहिणी जोन में तीन प्रतिष्ठान सील
रोहिणी जोन में निगम ने 3 प्रतिष्ठानों को सील किया है। मालवीय नगर में अवैध कमर्शियल होटलों पर कार्रवाई की गई है, जबकि करावल नगर में एमसीडी ने अवैध निर्माण ध्वस्त किए हैं। दिल्ली में सिर्फ बुलडोजर ही नहीं चला है, बल्कि एमसीडी अवैध इमारतों की फाइल लेकर भी सक्रिय है। हर अवैध निर्माण पर सरकारी टेप चिपकाया जा रहा है। एमसीडी उन इमारतों को सील कर रही है जिनके पास फायर सेफ्टी क्लीयरेंस नहीं है या जो स्वीकृत नक्शे के बिना बनी हुई हैं। इसके साथ ही रिहायशी इलाकों में चल रहे अवैध कमर्शियल होटल और गेस्ट हाउस भी सील किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक
दूसरी ओर, मालवीय नगर अग्निकांड की जांच भी तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक हाईलेवल बैठक की, जिसमें दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस के उच्च अधिकारी शामिल हुए।
लापरवाह अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया है और लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही दिल्ली में सुरक्षा ऑडिट भी शुरू हो गया है। इसी आदेश के बाद राजधानी में कार्रवाई शुरू हुई है, जिसमें कहीं बुलडोजर की धमक है तो कहीं सीलिंग वाला टेप चिपकाया जा रहा है।
Comments
0 comment