मर्सिडीज से टक्कर के बाद मारपीट और धमकी से आहत ट्रक चालक ने की आत्महत्या, 8 वीडियो में बयां किया दर्द छत्तीसगढ़ 5 दिन पहले 20
दंतेवाड़ा के गीदम थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद कथित मारपीट और परिवार को बर्बाद करने की धमकियों से परेशान एक ट्रक चालक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मरने से पहले उसने करीब 8 वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले और खुद को बेगुनाह बताया।

दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना के बाद कथित तौर पर हुई मारपीट और लगातार मिल रही धमकियों से टूट चुके एक ट्रक चालक ने अपनी जान दे दी। फांसी लगाने से पहले युवक ने करीब 8 वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें उसने खुद को निर्दोष बताया और कुछ लोगों पर मारपीट करने तथा परिवार को बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया। घटना सामने आते ही पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।

कैसे हुई दुर्घटना

मिली जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले का रहने वाला 25 वर्षीय ताम्रध्वज साहू गुरुवार को ट्रक में सामान लादकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट में सामने से आ रही एक मर्सिडीज कार से उसके ट्रक की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज वाहन बीजापुर जिले के निवासी सागर हेमला का है। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया।

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने दावा किया कि हादसे के बाद मर्सिडीज में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने बताया कि मौके पर और भी लोगों को बुलाया गया, जिन्होंने उसकी पिटाई की तथा परिवार को बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी।

एक वीडियो में युवक ने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह परिवार की जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर सका। उसने ट्रक मालिक लक्ष्मण के लिए भी संदेश छोड़ा और कहा कि दुर्घटना में उसकी कोई गलती नहीं थी। ताम्रध्वज का दावा था कि ट्रक न्यूट्रल में चल रहा था और ब्रेक लगाने की कोशिश के बावजूद वाहन नियंत्रण में नहीं आया, जिसके चलते हादसा हुआ।

पेड़ से लटका मिला शव

वीडियो में युवक ने यह भी बताया कि वह मुख्य सड़क से करीब 30 से 40 मीटर अंदर एक पेड़ के पास जाकर फांसी लगाने जा रहा है। इसके कुछ देर बाद बंजारी घाट के समीप एक पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला।

दोनों पहलुओं पर जांच

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, ट्रक मालिक ने युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके बाद मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम घटनास्थल तक पहुंची।

पुलिस इस मामले में सड़क दुर्घटना और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर अलग-अलग जांच कर रही है। साथ ही वीडियो में लगाए गए मारपीट और धमकी के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

समाज ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

इस मामले में दंतेवाड़ा जिले के साहू समाज ने मृतक ताम्रध्वज साहू के परिजनों के साथ मिलकर थाने में मर्सिडीज मालिक के खिलाफ आवेदन देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!