ऑटो
एक घंटा पहले
2
विचारों
Hyundai Motor ने अपनी चौथी पीढ़ी की नई i20 को पूरी तरह बदले हुए, SUV से प्रेरित क्रॉसओवर अंदाज़ में सामने ला दिया है. इस मॉडल को ब्राज़ील में लॉन्च किया गया है, जहां इसकी पोजिशनिंग HB20 हैचबैक और Creta SUV के बीच रखी गई है. एडवांस्ड सेफ्टी, बड़ी डिजिटल स्क्रीन, टर्बो इंजन और दमदार डिजाइन के साथ यह अब तक की सबसे आधुनिक i20 मानी जा रही है.
आकार और प्लेटफॉर्म
नई i20 का स्वरूप अब क्रॉसओवर-स्टाइल का है. इसकी लंबाई 4,130 mm, व्हीलबेस 2,580 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 165 mm है, जो इसे शहर के साथ-साथ हल्की ऑफ-रोड परिस्थितियों के लिए भी उपयुक्त बनाता है. यह कार K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है, जो मज़बूत बॉडी, बेहतर हैंडलिंग और ऊंचे स्तर की सुरक्षा प्रदान करता है.
कीमत और मुकाबला
ब्राज़ील में बेस वेरिएंट Comfort की शुरुआती कीमत BRL 99,990 (लगभग ₹18.77 लाख) रखी गई है, जबकि टॉप वेरिएंट्स की कीमत ₹22-25 लाख के आसपास तक पहुंच सकती है. इसकी तुलना में भारतीय बाज़ार में मौजूदा i20 की एक्स-शोरूम कीमत ₹6-11.5 लाख के बीच है, ऐसे में प्रीमियम फीचर्स, ADAS और क्रॉसओवर स्टाइल के चलते ब्राज़ील वर्जन काफ़ी महंगा है. वहां यह Fiat Pulse और VW Tera जैसी कारों को टक्कर देगी.
डिज़ाइन और इंटीरियर
नई i20 का डिज़ाइन बेहद बोल्ड और एंगुलर है. फ्रंट में Y-शेप LED DRLs के साथ फुल-विड्थ लाइट बार, शार्प हेडलैंप्स और मस्कुलर बोनट मिलता है. साइड प्रोफाइल ऊंचा और बॉक्सी रखा गया है, जबकि रियर में C-शेप लाइट्स और कनेक्टेड लाइट बार दिए गए हैं. कई यूज़र्स को इसका SUV जैसा स्टांस पसंद आ रहा है, हालांकि कुछ इसे पुराने Fiat मॉडलों से मिलता-जुलता बता रहे हैं. कुल मिलाकर यह अपने पिछले स्लीक लुक से अलग, ज़्यादा एडवेंचरस और मॉडर्न नज़र आती है.
केबिन की बात करें तो यह स्पेशियस और प्रीमियम है. इसमें ट्विन 12.3-इंच डिस्प्ले (इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट) दिए गए हैं. वायरलेस Android Auto तथा Apple CarPlay सपोर्ट, हाई क्वालिटी मैटेरियल्स, बेहतरीन फिट-फिनिश और पर्याप्त लेग व हेडरूम इसकी खूबियां हैं. 5-सीटर लेआउट इसे फैमिली इस्तेमाल के लिए परफेक्ट बनाता है.
फीचर्स और सुरक्षा
यह मॉडर्न कम्फर्ट फीचर्स से भरपूर है. इसमें वायरलेस चार्जिंग, टॉप वेरिएंट्स में Bose ऑडियो, पावर फोल्डिंग मिरर्स, क्रूज़ कंट्रोल और कीलेस एंट्री जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और मल्टीपल USB पोर्ट्स भी उपलब्ध हैं.
सुरक्षा के लिहाज़ से इसमें Hyundai SmartSense ADAS सूट के साथ लेवल-2 सेफ्टी दी गई है. इसमें फॉरवर्ड कोलिजन अवॉयडेंस, ब्लाइंड स्पॉट कोलिजन अवॉयडेंस, लेन कीपिंग और लेन फॉलोइंग असिस्ट, छह एयरबैग्स, कुछ वेरिएंट्स में 360° कैमरा और मज़बूत K3 प्लेटफॉर्म स्ट्रक्चर शामिल हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
ब्राज़ील-स्पेसिफिक फ्लेक्स-फ्यूल विकल्पों में 1.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन (80 hp) मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ और 1.0-लीटर टर्बो इंजन (115-120 hp) ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है. टर्बो वेरिएंट अच्छा पिकअप और हाईवे परफॉर्मेंस देता है, जबकि फ्यूल एफिशिएंसी के भी बेहतर रहने की उम्मीद है. K3 प्लेटफॉर्म बेहतर राइड क्वालिटी और हैंडलिंग सुनिश्चित करता है.
Comments
0 comment