हॉरर की दुनिया में जैकलिन की एंट्री! दो एक्टर्स के साथ रचेंगी डर का जाल, इसी महीने शुरू होगी शूटिंग मनोरंजन एक घंटा पहले 2
जैकलिन फर्नांडिस अपने करियर की पहली हॉरर फिल्म में नजर आने वाली हैं, जिसमें डर, भावनाओं और संगीत का अनूठा संगम होगा। फिल्म के लिए दो पुरुष कलाकार तय हो चुके हैं और शूटिंग इसी महीने शुरू होगी।

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडिस अब बड़े पर्दे पर दर्शकों की रूह कंपाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे जल्द ही अपनी पहली हॉरर फिल्म में दिखाई देंगी, जिसे ख्याति मदान की कंपनी ‘नॉट आउट एंटरटेनमेंट’ बना रही है। काफी समय से एक दमदार स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहीं जैकलिन ने इस फिल्म की कहानी सुनते ही तुरंत इसके लिए सहमति दे दी।

सिर्फ भूत-प्रेत नहीं, इमोशन और संगीत का भी तड़का

सूत्रों की मानें तो इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह महज भूत-प्रेत की कहानी तक सीमित नहीं है। इसमें डर के साथ-साथ ढेरों भावनाएं और बेहतरीन संगीत का ऐसा सशक्त मेल है, जो दर्शकों को सिनेमाघरों में संपूर्ण थिएट्रिकल अनुभव देगा।

इन दिनों सिनेमाघरों में हॉरर फिल्मों का बोलबाला है। वैश्विक स्तर पर ‘सिनर्स एंड ऑब्सेशन’ से लेकर भारत में ‘शैतान’ जैसी फिल्मों की सफलता ने इस बात को साबित भी कर दिया है कि दर्शक इस शैली को खूब पसंद कर रहे हैं।

दो दिग्गज कलाकार हुए फाइनल

जैकलिन की इस हॉरर फिल्म के लिए बॉलीवुड के दो शानदार पुरुष कलाकारों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसके बाद इस प्रोजेक्ट को लेकर फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। फिल्म की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कलाकारों के लिए एक्टिंग वर्कशॉप्स आयोजित की जा रही हैं और इसका एक गाना तथा टीजर पहले ही शूट किया जा चुका है। सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है और फिल्म की शूटिंग इसी महीने से शुरू होने वाली है।

‘अलादीन’ से शुरू हुआ था सफर

श्रीलंकाई मूल की जैकलिन फर्नांडिस ने सिडनी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक करने के बाद श्रीलंका में बतौर टीवी रिपोर्टर काम किया था। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 2006 में उन्होंने ‘मिस यूनिवर्स श्रीलंका’ का खिताब जीता और मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया।

साल 2009 में उन्होंने ‘अलादीन’ फिल्म के लिए ऑडिशन दिया और इसी फिल्म से उनका बॉलीवुड में आगाज हुआ। इसके लिए उन्हें आईफा में बेस्ट फीमेल डेब्यू का पुरस्कार भी मिला। हालांकि जैकलिन को असली पहचान साल 2011 में आई थ्रिलर फिल्म ‘मर्डर 2’ से मिली, जो उनकी पहली कमर्शियल हिट साबित हुई।

कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा

जैकलिन ने ‘हाउसफुल 2’, ‘रेस 2’, ‘किक’, ‘हाउसफुल 3’, ‘जुड़वा 2’ और ‘विक्रांत रोना’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में ग्लैमरस और यादगार भूमिकाएं निभाईं। फिल्मों के अलावा वे डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 9’ में बतौर जज भी नजर आ चुकी हैं। इसके साथ ही वे कई समाजसेवी कार्यों और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी जुड़ी हुई हैं।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!