मनोरंजन
एक घंटा पहले
1
विचारों
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ने अपने करियर और रिटायरमेंट को लेकर एक दिलचस्प बात कही है। उनका मानना है कि अगर कोई लंबी और सेहतमंद जिंदगी चाहता है तो उसे काम करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर एक्टर ने न केवल अपने रिटायरमेंट प्लान पर खुलकर बात की, बल्कि अपनी पुरानी को-स्टार रवीना टंडन की तारीफों के पुल भी बांध दिए।
'रिटायरमेंट का ख्याल सिर्फ कुछ सेकंड टिकता है'
अक्षय कुमार का कहना है कि रिटायरमेंट का विचार उनके मन में आता तो है, मगर महज चंद सेकंड के लिए। इसके तुरंत बाद वह दोबारा अपने काम में जुट जाते हैं। ट्रेलर लॉन्च के दौरान जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या वह रिटायरमेंट के बारे में सोचते हैं, तो उन्होंने हंसते हुए मजेदार जवाब दिया।
उन्होंने कहा, "हर सुबह 4 बजे उठते वक्त करीब 5 सेकंड के लिए लगता है कि अब रिटायर हो जाना चाहिए। लेकिन अगले ही पल याद आता है कि शूटिंग पर जाना है और पूरी यूनिट मेरा इंतजार कर रही होगी। फिर वही काम शुरू हो जाता है। पिछले 36 साल से मेरी जिंदगी इसी तरह चल रही है।"
'घर बैठकर आखिर करूंगा क्या?'
एक्टर ने मजाकिया लहजे में आगे कहा कि अगर वह सचमुच रिटायर हो भी गए तो घर पर बैठकर करेंगे क्या। उन्होंने कहा, "ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिशियन का काम कर लूंगा या फिर कुत्तों को घुमाने निकल जाऊंगा। घर के सारे छोटे-बड़े काम मेरे हिस्से आ जाएंगे। उससे तो बेहतर है कि मैं फिल्मों में काम करता रहूं।"
अभिनेता ने दो टूक कहा कि उन्हें 'रिटायरमेंट' शब्द बिल्कुल पसंद नहीं है। उनका मानना है कि अगर इंसान लंबी और सेहतमंद जिंदगी जीना चाहता है तो उसे हमेशा सक्रिय रहना चाहिए और लगातार काम करते रहना चाहिए।
रवीना टंडन के प्रोफेशनलिज्म की तारीफ
इसी बातचीत में अक्षय कुमार ने अपनी पुरानी को-स्टार रवीना टंडन की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रवीना हमेशा से बेहद प्रोफेशनल रही हैं। एक पुराना वाकया याद करते हुए एक्टर ने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सूरज ढलने वाला था और सीन पूरा करने के लिए बहुत कम वक्त बचा था। ग्रीन रूम दूर होने के बावजूद रवीना ने समय बचाने के लिए जनरेटर वैन में ही कपड़े बदले और फौरन शूटिंग पर लौट आईं।
रवीना को लेकर अक्षय ने चुटकी लेते हुए कहा, "पहले हीरोइन थीं, अब हीरोइन की मां हैं।" उनका इशारा रवीना की बेटी राशा थडानी की तरफ था, जिन्होंने हाल ही में फिल्मी दुनिया में कदम रखा है।
पंकज धीर को किया याद
इसी कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार ने दिवंगत अभिनेता पंकज धीर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 'वेलकम टू द जंगल' पंकज धीर की आखिरी फिल्म है और इस खास मौके पर पूरी टीम उन्हें बेहद मिस कर रही है।
फिल्म में कौन-कौन से सितारे
गौरतलब है कि 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, अरशद वारसी, परेश रावल समेत कई अन्य कलाकार नजर आने वाले हैं।
Comments
0 comment