मध्य प्रदेश
3 घंटे पहले
4
विचारों
ट्विशा शर्मा मौत मामले से जुड़े प्रकरण में भोपाल सेंट्रल जेल में बंद रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह से बुधवार को मध्य प्रदेश महिला आयोग की टीम ने मुलाकात की. आयोग की टीम मुख्य रूप से जेल में बंद महिला कैदियों की स्थिति और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची थी और इसी निरीक्षण के दौरान गिरिबाला सिंह से भी बातचीत हुई.
टीम के सवालों के जवाब में गिरिबाला सिंह ने जेल की किसी भी व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज नहीं कराई. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है और सभी इंतजाम ठीक हैं. दिलचस्प बात यह रही कि जब आयोग की टीम वहां पहुंची तो वे लेखक देवदत्त पटनायक की पुस्तक “द प्रेगनेंट किंग” पढ़ रही थीं और टीम को आता देख उन्होंने किताब बंद कर दी.
जेल की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने गिरिबाला सिंह से भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत जेल की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली. पूछे गए हर सवाल के जवाब में उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया. निरीक्षण के दौरान आयोग को भी किसी विशेष सुविधा या किसी तरह की अनियमितता के कोई संकेत नहीं मिले.
इस दौरान आयोग की टीम ने जेल के महिला वार्ड, अस्पताल, रसोईघर, लाइब्रेरी, आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर और ब्यूटी पार्लर का भी निरीक्षण किया. महिला बंदियों से उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में बातचीत की गई. सांस्कृतिक कक्ष में बंदियों ने इस मौके पर भजन भी प्रस्तुत किए. निरीक्षण के समय आयोग के सचिव सुरेश तोमर, जेल अधीक्षक राकेश भांगरे और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.
सीबीआई को मिली दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
दूसरी ओर, ट्विशा शर्मा मामले की जांच लगातार जारी है. सीबीआई को दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है और एजेंसी अब मेडिकल, डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों का आपस में मिलान कर रही है. जांच का मुख्य ध्यान प्रेगनेंसी, चोटों के निशान और फांसी से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित है. इसके साथ ही मोबाइल और लैपटॉप से मिले चैट, कॉल रिकॉर्ड, फोटो और डिलीट किए गए डेटा का भी विश्लेषण किया जा रहा है.
कानूनी प्रक्रिया भी आगे बढ़ी
गिरिबाला सिंह की ओर से अदालत में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के वकीलों ने वकालतनामा दाखिल किया है. अदालत ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से इस बात की अनुमति मांगी है कि क्या वे इस मामले में पैरवी कर सकते हैं. फिलहाल जांच और कानूनी प्रक्रिया दोनों आगे बढ़ रही हैं.
Comments
0 comment