मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह, दिग्विजय सिंह के 'अपमान' पर भड़के कार्यकर्ता, प्रदेश प्रभारी का पुतला जलाया मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को कथित तौर पर रोके जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का पुतला फूंका। उधर भिंड में मंच की होर्डिंग से दो वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें गायब मिलने से भी गुटबाजी उजागर हुई है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस एक बार फिर अंदरूनी खींचतान को लेकर सुर्खियों में है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ मंच पर कथित तौर पर हुए अभद्र व्यवहार को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया है। इसी नाराजगी के चलते भोपाल में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या हुआ

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह किसी अन्य व्यक्ति को माइक देने की बात कहते हैं, लेकिन प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी उन्हें ऐसा करने से रोक देते हैं।

इसके बाद दिग्विजय सिंह हाथ जोड़ते नजर आते हैं और पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ नहीं बोलते। कई कार्यकर्ताओं ने इस पूरे प्रसंग को वरिष्ठ नेता का अपमान माना और इसी के विरोध में भोपाल में प्रदर्शन किया।

भोपाल में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से मंच पर किए गए व्यवहार से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरीश चौधरी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नजर आए, जिन पर 'हरीश चौधरी हटाओ, कांग्रेस का सम्मान करो' जैसे संदेश लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वरिष्ठ नेताओं का सम्मान कांग्रेस की परंपरा रही है और किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नेतृत्व से कार्रवाई की मांग

इस घटना को लेकर कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखा गया। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से पूरे मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।

भिंड में मंच से गायब हुईं नेताओं की तस्वीरें

दूसरी ओर भिंड में भी कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी उजागर हुई। युवा कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह और जिला अध्यक्ष मनीष पुरोहित जैसे नेता शामिल हुए। इसके बाद हुई प्रेस वार्ता में मंच पर लगी होर्डिंग से ग्वालियर अंचल के दो दिग्गज नेताओं की तस्वीरें गायब मिलीं।

होर्डिंग से भिंड जिले की लहार विधानसभा से सात बार के विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह और पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी के फोटो नदारद थे। जब मीडिया ने इस बारे में सवाल किए तो कांग्रेस नेता गोलमोल जवाब देते दिखाई दिए।

भिंड में कांग्रेस पर पहले भी अंतर्कलह और गुटबाजी के आरोप लगते रहे हैं। युवा कांग्रेस के भिंड जिला अध्यक्ष मनीष पुरोहित पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के समर्थक माने जाते हैं।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!