CM मोहन यादव के काफिले में जुड़ी नई इलेक्ट्रिक कार, नंबर प्लेट में छिपा खास संदेश, जानिए कितनी है रेंज मध्य प्रदेश 3 महीने पहले 51
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने वाले देश के पहले सीएम बन गए हैं। महिंद्रा की XEV 9e कार का नंबर MP-02-VB-2047 भी एक खास संदेश देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन की बचत और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की अपील का असर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में साफ नजर आने लगा है। मितव्ययता के इस संदेश पर अमल करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में एक इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया है, जिसमें आधुनिक तकनीक से जुड़ी तमाम सुविधाएं मौजूद बताई जा रही हैं।

काफिले में शामिल हुई महिंद्रा की XEV 9e

मुख्यमंत्री मोहन यादव लगातार प्रधानमंत्री की मितव्ययता संबंधी अपील का पालन कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने 3 जून को एक बड़ा कदम उठाया और अपने काफिले में इलेक्ट्रिक व्हीकल जोड़ने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए। उनके काफिले में अब महिंद्रा कंपनी की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार को शामिल किया गया है। कंपनी के दावे के अनुसार, यह कार एक बार चार्ज होने पर 500 किमी का सफर तय कर सकती है। इसी कार से मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर भोपाल तक की यात्रा की।

नंबर प्लेट में छिपा है बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री की इस नई कार को MP-02-VB-2047 नंबर दिया गया है। इस नंबर में शामिल 'VB' को विकसित भारत से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि 2047 को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। इस कार में 360 डिग्री कैमरा सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस वाहन से यात्रा कर मुख्यमंत्री पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि कार चलाने वाले ड्राइवरों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

पर्यावरण और सौर ऊर्जा पर सीएम का जोर

मुख्यमंत्री मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और इन दोनों दिशाओं में लगातार नई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर गिद्धों और मगरमच्छों को प्राकृतिक आवास में छोड़ा। उनका मानना है कि कोई भी विकास पर्यावरण संरक्षण के बिना अधूरा है। उनके अनुसार सौर ऊर्जा से तैयार होने वाले विकल्प देश और दुनिया को विकास का नया रास्ता दिखा सकते हैं।

कई मौकों पर पेश की सादगी की मिसाल

दौरों के दौरान भी मुख्यमंत्री मोहन यादव लगातार मितव्ययता का ध्यान रख रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने इंदौर में एचआर ग्रीन से राजवाड़ा तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रेवलर बस में सफर किया था। इससे पहले सिंगरौली दौरे के दौरान वे टूरिस्ट बस में बैठकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे थे। इसके साथ ही उनके काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या को भी घटा दिया गया है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप