मध्य प्रदेश
8 घंटे पहले
3
विचारों
वारासिवनी में किसानों की विशाल आक्रोश रैली
बालाघाट जिले की वारासिवनी तहसील मुख्यालय में 9 जून को कांग्रेस विधायक विवेक पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों और कार्यकर्ताओं ने एक बड़ी आक्रोश रैली निकाली। महंगाई, रेत संकट, अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवास और खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
रैली में विधायक विवेक पटेल बैलगाड़ी पर सवार होकर शामिल हुए, वहीं किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगें प्रशासन के सामने रखी गईं। किसानों और कांग्रेस वक्ताओं ने सरकार के खिलाफ कड़े तेवर दिखाए।
रेत की किल्लत से अधूरे पड़े आवास
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक विवेक विक्की पटेल ने कहा कि जिले में रेत की भारी कमी के चलते हजारों गरीब परिवारों के प्रधानमंत्री आवास और अन्य निर्माण कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। उन्होंने आगाह किया कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर रेत नहीं मिल पा रही है। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान भी शामिल हुए।
डीजल पाबंदी से किसान परेशान
बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक पटेल ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर डिब्बों और केन में डीजल-पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है, जिससे किसानों को खेती के कामों में भारी दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि खेतों में खड़े ट्रैक्टर, पंप और कृषि मशीनरी तक ईंधन पहुंचाना मुश्किल हो गया है, जिससे आने वाले खरीफ सीजन की बुआई प्रभावित होने की आशंका है।
विधायक ने कहा कि इसी चिंता के चलते क्षेत्र का किसान 40 डिग्री तापमान में सड़क पर उतर आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में महंगाई, बेईमानी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
Comments
0 comment