असम मंत्रिमंडल का विस्तार आज, 12 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ, यहां देखें पूरी सूची भारत एक महीने पहले 26
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के मंत्रिमंडल विस्तार में आज 12 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस विस्तार के बाद राज्य में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की कुल संख्या 17 हो जाएगी।

असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के मंत्रिमंडल का विस्तार आज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को 12 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस विस्तार के पूरा होते ही असम मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या 17 तक पहुंच जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12.45 बजे आयोजित होगा। कैबिनेट में इस बार तीन नए चेहरों को जगह दी जा रही है, जबकि बाकी सभी नेता पिछले कार्यकाल में भी मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। सरमा ने एक्स पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि असम विधानसभा के माननीय सदस्य 5 जून 2026 को दोपहर 12:45 बजे असम सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।"

ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

  1. अश्विनी राय सरकार
  2. अशोक सिंघल
  3. बिमल बोरा
  4. बिस्वजीत दैमारी
  5. जयंत मल्लाबरुआ
  6. कौशिक राय
  7. केशव महंत
  8. कृष्णेंदु पॉल
  9. नीलिमा देवी
  10. पीयूष हजारिका
  11. डॉ. रनोज पेगु
  12. सुसंता बोरगोहेन

मुख्यमंत्री के साथ चार मंत्रियों ने ली थी शपथ

हिमंता बिस्वा सरमा ने 12 मई को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उसी दिन उनके साथ चार अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। अब 12 नए मंत्रियों के जुड़ने के बाद राज्य में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 17 हो जाएगी। नियमों के अनुसार यहां अधिकतम 19 मंत्री रखे जा सकते हैं। इस तरह दो पद रिक्त बने रहेंगे, जिन्हें आगे आवश्यकता पड़ने पर भरा जा सकता है।

मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे ये नए चेहरे

हिमंता कैबिनेट में जो नए चेहरे शामिल किए जा रहे हैं, उनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अश्विनी राय सरकार, नीलिमा देवी और सुशांत बोरगोहेन के नाम हैं। असम गण परिषद के केशव महंत को भी मंत्रियों की सूची में स्थान मिला है, जो पिछली एनडीए सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। पिछली विधानसभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी का नाम भी नए मंत्रियों में शामिल है। इनके अलावा सूची में शामिल बाकी सभी नेता हिमंता बिस्वा सरमा की पहली मंत्रिपरिषद का हिस्सा रह चुके हैं और भाजपा से जुड़े हैं। इनमें अशोक सिंघल, रनोज पेगु, बिमल बोरा, जयंत मल्ला बरुआ, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और पीयूष हजारिका के नाम शामिल हैं।

12 मई को इन मंत्रियों ने ली थी शपथ

मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों में अगप के अतुल बोरा, बीपीएफ के चरण बोरो तथा भाजपा के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल थे। नई मंत्रिपरिषद में भाजपा के 13 मंत्री, अगप के दो और बीपीएफ का एक मंत्री होगा। नियोग और नीलिमा देवी मंत्रिपरिषद में दो महिला मंत्री होंगी और इस तरह महिला मंत्रियों की संख्या पिछली मंत्रिपरिषद के बराबर ही बनी रहेगी।

देवेंद्र पांडेय पाबना के राजनीतिक संवाददाता हैं और राष्ट्रीय राजनीति, सरकार तथा नीतियों पर रिपोर्टिंग करते हैं। चुनाव, संसद और बड़े सियासी घटनाक्रमों का वे गहराई से विश्लेषण करते हैं। उनकी रिपोर्टिंग निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप