अतीक अहमद का अंत हुआ, पर उसके करीबी अब भी फैला रहे दहशत? पीड़ित ने बयां की पूरी दास्तान उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 2
प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में 29 मई को एक डेयरी संचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें अतीक अहमद के पूर्व शार्प शूटर आबिद प्रधान के परिजनों पर आरोप लगे हैं। पीड़ित ने सीएम योगी से न्याय की गुहार लगाई है।

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को तीन साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन उसके रिश्तेदारों और करीबियों का खौफ अब भी इलाके में बना हुआ है। प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है, जहां करेली निवासी डेयरी संचालक मसूद अहमद के साथ मारपीट की गई।

भगवतपुर ओवरब्रिज के नीचे हुई वारदात

यह घटना 29 मई की है, जब भगवतपुर ओवर ब्रिज के नीचे डेयरी संचालक के साथ हिंसा की गई। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर और डंडों से उनकी जमकर पिटाई की और कार में भी तोड़फोड़ की। पीड़ित का कहना है कि दबंग उनसे 36 हजार रुपये भी लूटकर ले गए। इस मामले में 30 मई को पूरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

अतीक के शार्प शूटर के परिजनों पर आरोप

आरोप है कि यह मारपीट अतीक अहमद के पूर्व शार्प शूटर रहे आबिद प्रधान के समधी समसुल्लाह के बेटों तलहा, अबू बकर और तहा ने भांजे एहतेशाम तथा चार-पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इन लोगों का आतंक लंबे समय से जारी है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी ही घटना

स्थानीय लोगों के मुताबिक इन आरोपियों की दबंगई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 फरवरी को इन्हीं लोगों ने अब्दुल रहमान उर्फ अरशद नईम और उनके भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। उस घटना को लेकर भी 26 फरवरी को पूरामुफ्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पीड़ित अब्दुल रहमान उर्फ अरशद नईम का आरोप है कि ठोस कार्रवाई न होने और आरोपियों के थाने से छूट जाने के कारण उनका हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि अतीक अहमद की हत्या के बाद पुलिस ने उसके गुर्गों पर सख्ती दिखाई थी, लेकिन अब वही लोग दोबारा इलाके में दहशत फैला रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज आई सामने

23 फरवरी की मारपीट का एक सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तलहा, अबू बकर, तहा और एहतेशाम ने कई अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला किया। इस घटना में घायल अब्दुल रहमान और उनके भाई को कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।

अस्पताल से लौटते ही फिर मिलीं धमकियां

पीड़ित का कहना है कि अस्पताल से घर लौटने के बाद दबंग उन्हें दोबारा धमका रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि योगी सरकार में माफियाओं और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है, इसलिए इन आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।

सीएम योगी से न्याय की मांग

अब्दुल रहमान उर्फ अरशद नईम ने आरोप लगाया कि ये दबंग बिना नंबर की फॉर्च्यूनर गाड़ियों में घूमते हैं और इलाके में खौफ का माहौल बनाते हैं। उनका कहना है कि आरोपियों ने पुलिस थाने के अंदर घुसकर रील तक बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। इसके अलावा इन लोगों ने हथियारों के साथ कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं।

पीड़ित ने कहा कि आरोपियों से उनकी जान को लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!