अकासा एयर ने शुरू की नवी मुंबई–नोएडा उड़ान, जेवर एयरपोर्ट को मिली नई कनेक्टिविटी व्यापार 2 घंटे पहले 8
अकासा एयर ने मंगलवार सुबह नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी पहली फ्लाइट QP-2017 रवाना की। इस सेवा से मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन और दिल्ली-एनसीआर के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी कायम हो गई है।

भारतीय एयरलाइन अकासा एयर ने मुंबई और नोएडा के बीच हवाई सेवा का आगाज कर दिया है। कंपनी ने मंगलवार सुबह नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी पहली उड़ान QP-2017 को रवाना किया। इस नई सेवा के साथ मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन और दिल्ली-एनसीआर के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।

सुबह 07.30 बजे रवाना हुई पहली उड़ान

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NMIAL) के एक प्रवक्ता के मुताबिक, अकासा एयर की पहली फ्लाइट सुबह 07.30 बजे नवी मुंबई से नोएडा के लिए उड़ी और दोपहर 12.30 बजे वापस नवी मुंबई एयरपोर्ट लौट आई। एयरलाइन नवी मुंबई और नोएडा के बीच हर हफ्ते 7 फ्लाइट्स का संचालन करेगी।

28 मार्च को हुआ था एयरपोर्ट का उद्घाटन

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2021 में गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधारशिला रखी थी। इसके बाद उन्होंने 28 मार्च को ही इसका उद्घाटन भी किया। सोमवार, 15 जून को नोएडा एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी और यूपी की राजधानी लखनऊ पहुंची। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने नोएडा एयरपोर्ट से यह पहली कमर्शियल उड़ान संचालित की थी।

21 महीने की देरी से शुरू हुई सेवाएं

गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल सेवाएं शुरू होने में 21 महीने की देरी हुई। तय कार्यक्रम के अनुसार यहां से पहली कमर्शियल फ्लाइट को अक्टूबर 2024 में ही उड़ान भरनी थी। मौजूदा समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक रनवे और एक पैसेंजर टर्मिनल है, जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। इस एयरपोर्ट को अलग-अलग चरणों में विकसित किया जा रहा है।

कई शहरों से जुड़ा नोएडा एयरपोर्ट

इंडिगो के बाद अकासा एयर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान संचालित करने वाली दूसरी एयरलाइन है। अकासा एयर जेवर एयरपोर्ट से नवी मुंबई के अलावा बेंगलुरू के लिए भी डेली फ्लाइट चलाएगी। वहीं इंडिगो ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ, बेंगलुरू, हैदराबाद, अमृतसर और जम्मू के लिए सेवाएं शुरू की हैं।

1 जुलाई से और शहरों से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट

अगले चरण में 1 जुलाई से इंडिगो की नई योजना लागू होगी, जिसके तहत नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल और देहरादून के लिए रोजाना उड़ानें उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही जयपुर, लखनऊ, पंतनगर और चंडीगढ़ के लिए प्रतिदिन दो-दो फ्लाइट, बरेली के लिए हफ्ते में चार और किशनगढ़ के लिए हफ्ते में तीन उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयरलाइन कंपनियां जरूरत और मांग को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे नोएडा एयरपोर्ट को देश के अन्य शहरों से भी जोड़ेंगी।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!