दिल्ली आ रही फ्लाइट में बेकाबू हुआ यात्री, लैंडिंग से पहले तोड़ डाला खिड़की का शीशा, मचा हड़कंप राष्ट्रीय राजनीति 6 घंटे पहले 3
चंडीगढ़ से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1879 में लैंडिंग से ठीक पहले एक यात्री ने खिड़की का अंदरूनी शीशा तोड़ दिया। विमान को सुरक्षित आईजीआई एयरपोर्ट पर उतार लिया गया और आरोपी यात्री को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया।

एयर इंडिया की दिल्ली आ रही एक उड़ान में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब विमान में सवार एक यात्री अचानक आपा खो बैठा। पूरी तरह बेकाबू हो चुके इस यात्री ने प्लेन की खिड़की पर तब तक प्रहार किया, जब तक उसका अंदरूनी शीशा टूट नहीं गया। इस दौरान विमान के क्रू ने उसे संभालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन हर प्रयास नाकाम रहा। राहत की बात यह रही कि उड़ान को सुरक्षित ढंग से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया और इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

कैसे शुरू हुआ पूरा घटनाक्रम

सूत्रों के मुताबिक यह मामला रविवार को चंडीगढ़ से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI1879 का है। विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के लिए नीचे आना शुरू ही किया था कि तभी एक यात्री एकाएक बेकाबू हो गया। सबसे पहले उसने जोर-जोर से चीखना शुरू किया। जब आसपास बैठे अन्य यात्रियों और क्रू सदस्यों ने उसे समझाने की कोशिश की, तो वह शांत होने के बजाय और भड़क उठा।

अपना गुस्सा निकालने के लिए उसने खिड़की के शीशे पर वार करना शुरू कर दिया और शीशा टूटने तक लगातार उस पर प्रहार करता रहा। शीशा टूटते ही विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

पायलट से लेकर सीआईएसएफ तक पहुंची सूचना

एक ओर क्रू सदस्यों ने इस यात्री को काबू में करने की कोशिशें शुरू कीं, वहीं दूसरी ओर पूरे घटनाक्रम की जानकारी कॉकपिट में मौजूद पायलट्स को दी गई। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पायलट्स ने एटीसी के जरिए यह जानकारी एयरपोर्ट ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (एओसीसी) और सिक्योरिटी ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (एसओसीसी) के साथ साझा की। खबर मिलते ही सीआईएसएफ के कमांडो सक्रिय हो गए। विमान के उतरते ही फ्लाइट क्रू ने आरोपी यात्री को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया।

खाकी देखते ही बदल गया तेवर

मामले से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार यात्री लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा था और क्रू की चेतावनियों को अनदेखा कर रहा था। हालांकि जैसे ही उसे सीआईएसएफ के हवाले किया गया, उसका रवैया पूरी तरह पलट गया। वह बार-बार माफी मांगने लगा और अपने बर्ताव पर अफसोस जताने लगा।

इसके बावजूद एयर इंडिया ने इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) को भेज दी है। साथ ही आरोपी यात्री को अनरूली पैसेंजर की सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

हिरासत से भागने की कोशिश

सीआईएसएफ कर्मियों के सामने बार-बार माफी मांगने वाले इस यात्री ने जल्द ही फिर अपना रुख बदल लिया। सोमवार को मौका मिलते ही उसने पुलिस की निगरानी से निकलकर भागने का प्रयास किया। हालांकि सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने तत्परता दिखाते हुए उसे एक बार फिर दबोच लिया और दोबारा पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से पटना का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसके माता-पिता ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहा है। परिवार ने अधिकारियों से उसे पटना भेजने की अनुमति देने का अनुरोध किया था, लेकिन जांच पूरी होने तक ऐसा नहीं किया गया।

एयरलाइन की जीरो-टॉलरेंस नीति

7 जून को चंडीगढ़ से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI1879 में एक यात्री ने एयरक्राफ्ट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। क्रू ने तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दिल्ली एयरपोर्ट की संबंधित एजेंसियों को सूचित किया। पूरी घटना के दौरान विमान, क्रू और बाकी यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया गया।

ऐसे मामलों में एयरलाइन की जीरो-टॉलरेंस नीति है। किसी भी यात्री का ऐसा व्यवहार, जिससे उड़ान या यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती हो, बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना की जानकारी एविएशन रेगुलेटर को दे दी गई है और आगे की प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की जा रही है।
चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!