आईपीओ
2 घंटे पहले
7
विचारों
भारत के प्राइमरी मार्केट ने जहां 2025 में जोरदार प्रदर्शन किया था, वहीं 2026 में इसकी गति काफी धीमी पड़ गई है। 'इक्विरस कैपिटल' की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक केवल 23 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए 27,000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई है। इसके उलट बीते साल 2025 में कुल 103 आईपीओ बाजार में आए थे, जिनसे मिलाकर 1.76 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए थे।
यह आंकड़ा पिछले वर्षों के मुकाबले काफी ऊंचा रहा। साल 2024 में 90 कंपनियों ने 1.6 लाख करोड़ रुपये और 2023 में 57 कंपनियों ने 49,436 करोड़ रुपये जुटाए थे। मौजूदा सुस्ती के बावजूद बाजार में जल्द ही गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
इस महीने आ रहे टर्टलमिंट फिनटेक और एडविट ज्वेल्स के आईपीओ
डिजिटल इंश्योरेंस क्षेत्र की कंपनी टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस और ज्वेलरी सेक्टर की एडविट ज्वेल्स इसी महीने अपने आईपीओ लेकर आने वाली हैं। इनके साथ ही क्रूज टूरिज्म सेक्टर की कंपनी वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड भी इसी महीने अपना आईपीओ पेश कर सकती है। टर्टलमिंट का आईपीओ 19 जून को और एडविट ज्वेल्स का आईपीओ 23 जून को निवेशकों के लिए खुलेगा।
एनएसई इसी हफ्ते सेबी के पास दाखिल कर सकता है दस्तावेज
उम्मीद की जा रही है कि एनएसई इस सप्ताह अपने पब्लिक इश्यू के लिए शुरुआती दस्तावेज सेबी के पास जमा कर देगा। इसके अलावा क्विक कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी जेप्टो और देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी एसबीआई म्यूचुअल फंड भी अगले महीने आईपीओ लाने की तैयारी में जुटी हैं। इस महीने सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन के आईपीओ पहले ही बाजार में सूचीबद्ध हो चुके हैं।
236 आईपीओ प्रस्ताव अब भी पेंडिंग
रिपोर्ट के अनुसार, मई 2026 तक मुख्य एक्सचेंजों में लिस्टिंग के लिए 236 आईपीओ प्रस्ताव अलग-अलग चरणों में लंबित हैं। इनमें से 163 प्रस्तावों को सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 73 प्रस्ताव अभी नियामकीय टिप्पणियों के इंतजार में हैं।
पिछले साल 25 सितंबर को एक ही दिन में आए थे 25 आईपीओ
इक्विरस कैपिटल के मुताबिक, आईपीओ गतिविधियां 25 सितंबर, 2025 को अपने चरम पर पहुंच गई थीं, जब एक ही दिन में 25 आईपीओ बाजार में आए थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में अब तक केवल चार आईपीओ ही आए हैं, जिनके जरिए 2,422 करोड़ रुपये जुटाए गए। इसके मुकाबले पहली तिमाही में 19 आईपीओ से 24,772 करोड़ रुपये और 2025 की चौथी तिमाही में 30 आईपीओ से 91,058 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।
Comments
0 comment