भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है, लेकिन इसी बीच वॉशिंगटन की ओर से उठाया गया एक कदम दोनों देशों के कारोबारी रिश्तों पर नया तनाव पैदा कर सकता है। एक ओर जहां ट्रेड डील पर चर्चा जारी है, वहीं दूसरी ओर अमेरिका ने चुपचाप भारत के खिलाफ अतिरिक्त शुल्क लगाने वाला प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत को उन देशों की फेहरिस्त में शामिल कर लिया है, जिन पर कथित रूप से 'अनुचित व्यापार प्रथाएं' अपनाने का आरोप लगाया गया है। इसी आरोप को आधार बनाते हुए अमेरिका ने प्रभावित देशों से आयात होने वाले सामान पर अतिरिक्त शुल्क थोपने की योजना पेश की है।
कितना अतिरिक्त टैरिफ प्रस्तावित
प्रस्ताव के मुताबिक, सूची में शामिल देशों से आने वाले उत्पादों पर 10 फीसदी से 12.5 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। अमेरिकी एजेंसी ने भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर भी इसी 10 फीसदी से 12.5 फीसदी की दर से अतिरिक्त शुल्क लगाने का सुझाव दिया है।
रिश्तों पर असर की आशंका
जिस वक्त दोनों देश व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बढ़ रहे हैं, ठीक उसी दौरान सामने आए इस प्रस्ताव ने नई अनिश्चितता खड़ी कर दी है। माना जा रहा है कि यदि यह कदम आगे बढ़ता है तो भारत और अमेरिका के व्यापारिक संबंधों पर इसका सीधा दबाव पड़ सकता है।
https://hindi.news18.com/world/america-amid-india-us-trade-deal-talks-ustr-names-india-in-its-section-301-findings-proposes-12-5-percent-additional-tariff-10535148.html