पटना: खान सर की कोचिंग पर हमले में नया मोड़, गोलीबारी के दावे से पीछे हटे, FIR में फायरिंग का जिक्र तक नहीं

पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले को लेकर खान सर खुद अपने बयानों में उलझते दिख रहे हैं। घटना की रात गोलीबारी का दावा करने वाले खान सर की एफआईआर में फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं है, जबकि पुलिस भी रात में ही गोलीबारी से इनकार कर चुकी है।

बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस पूरे प्रकरण में अब खुद खान सर अपने ही बयानों में उलझते हुए नजर आ रहे हैं। घटना वाली रात उन्होंने कोचिंग में तोड़फोड़ के साथ-साथ गोलीबारी होने का भी दावा किया था, लेकिन उनकी ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में फायरिंग का कहीं कोई जिक्र नहीं है।

बयान और एफआईआर में अंतर

खान सर ने घटना की रात कहा था कि कोचिंग संस्थान में न सिर्फ तोड़फोड़ की गई, बल्कि गोलीबारी की घटना को भी अंजाम दिया गया। उनका दावा था कि उपद्रवियों ने कई राउंड गोलियां चलाई हैं। हालांकि, उनकी ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं किया गया।

सुबह जब खान सर कोचिंग पहुंचे और मीडिया ने उनसे गोलीबारी को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने इस पर गोलमोल जवाब देकर बात टाल दी।

पुलिस ने रात में ही किया था इनकार

टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने घटना की रात ही स्पष्ट कर दिया था कि इस मामले में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि कोचिंग पर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई है। इसके अलावा पटना नगर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से जारी प्रेस रिलीज में भी कहा गया कि सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

प्रेस रिलीज में क्या कहा गया

पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10:10 बजे कदमकुंआ थाना क्षेत्र में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा ईंट-पत्थराव और तोड़फोड़ किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

रिलीज में बताया गया कि घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच से पता चला कि पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की है। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई भी जारी है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-khan-sir-coaching-attack-questions-raised-over-firing-claim-statement-patna-police-investigation-local18-ws-l-10535206.html