हिमाचल प्रदेश की सीमा पर एंट्री टैक्स को लेकर चल रहा गतिरोध एक बार फिर गरमा गया है। ताजा घटनाक्रम में पंजाब के निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने हिमाचल की गाड़ियों से टैक्स वसूली की घोषणा कर दी है और आज से यह अवैध वसूली शुरू भी हो गई है।
दरअसल, हाल ही में हिमाचल में एंट्री टैक्स को लेकर जबरदस्त विवाद खड़ा हुआ था। इसके बाद लगातार धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम की घटनाएं सामने आती रहीं। इसी माहौल के बीच अब निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने यह बड़ा कदम उठाया है। वसूली के दौरान निहंग सिंह दल 100 रुपये और 500 रुपये टोल ले रहा है।
कीरतपुर साहिब के पास शुरू हुई वसूली
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार की ओर से किसी भी तरह का पंजाब एंट्री टैक्स लगाए जाने से पहले ही निहंग सिंह जत्थेबंदियां सक्रिय हो गई हैं। आज कीरतपुर साहिब के समीप मोड़ा क्षेत्र में, पंजाब-हिमाचल सीमा के नजदीक पंजाब की सरहद के भीतर इन्होंने 'खालसा एंट्री टैक्स' लगा दिया है और अब इसकी वसूली की जा रही है।
निहंगों की चेतावनी
टैक्स का ऐलान करने वाले एक निहंग ने कहा कि कहने के लिए तो लोकतंत्र है, लेकिन लोकतंत्र कहीं नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि इसी वजह से हमने हिमाचल और पंजाब सरकार को चेतावनी दी है और लगातार टैक्स वसूलते रहेंगे।
निहंग ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर किसी भी सरकार ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह पूरी तैयारी के साथ आए। उनका कहना था कि यह खालसा टैक्स सरबत के भले के लिए लगाया जा रहा है। इस तरह के टैक्स को गैरकानूनी बताए जाने के सवाल पर निहंग अच्छर सिंह ने कहा कि यह पैसा भले के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
हिमाचल प्रदेश में प्रवेश के लिए कई बैरियरों पर बाहरी राज्यों की गाड़ियों से एंट्री फीस ली जाती है। सरकार ने इस शुल्क में ढाई गुना इजाफा किया था, लेकिन भारी विरोध के बाद इसे 170 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया था। इसके बावजूद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।
इसी कड़ी में 2 जून को पंजाब के संगठनों ने हिमाचल बॉर्डर पर हाईवे बंद कर दिया था। इस दौरान ऊना के मेहतपुर और कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर गड़ामोड़ के पास हाईवे को रोक दिया गया था।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/bilaspur-hp-himachal-border-dispute-nihang-sikhs-groups-will-impose-khalsa-entry-tax-local18-ws-l-10536175.html