ट्रोलिंग और अश्लील टिप्पणियों से आहत जोधपुर की कंटेंट क्रिएटर ने पिया जहर, हालत गंभीर

जोधपुर की महिला कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने लगातार सोशल मीडिया ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों से परेशान होकर जहर पी लिया। घटना से कुछ घंटे पहले उन्होंने फेसबुक पर भावुक पोस्ट साझा की थी और अब वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग से परेशान एक महिला कंटेंट क्रिएटर के जहर पीने का मामला सामने आया है। शिकारगढ़ के गोदारों की ढाणी की रहने वाली अनीता बिश्नोई ने बुधवार सुबह अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

घटना से पहले फेसबुक पर भावुक पोस्ट

जानकारी के अनुसार, जहर खाने से करीब पांच घंटे पहले अनीता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने लिखा था, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” यह पोस्ट सामने आते ही उनके परिवार और जान-पहचान वालों में बेचैनी फैल गई। परिजनों ने उन्हें समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया।

ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों के आरोप

अनीता के पति दीनाराम का आरोप है कि बीते कई दिनों से उनकी पत्नी सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग झेल रही थीं। कुछ यूजर्स और कथित इन्फ्लूएंसर्स उन्हें निशाना बनाकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। इसके अलावा व्हाट्सएप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद विचलित थीं।

परिजनों का कहना है कि लगातार होने वाली आलोचना और निजी हमलों ने अनीता के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला था। उन्होंने कई बार इस परेशानी का जिक्र अपने करीबी लोगों से भी किया था।

एक वीडियो के बाद गहराया विवाद

बताया जा रहा है कि अनीता बिश्नोई ने हाल ही में महिलाओं के पहनावे को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो के वायरल होते ही उनके विचारों का विरोध शुरू हो गया और बड़ी संख्या में आलोचनात्मक तथा आपत्तिजनक कमेंट्स आने लगे। विवाद बढ़ने के साथ ही सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कई पोस्ट और वीडियो भी साझा किए गए।

सफाई देने के लिए जारी किया था वीडियो

घटना से चार दिन पहले अनीता ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर ट्रोलिंग के खिलाफ अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा था कि उनकी बातों को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है और उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद विवाद थमा नहीं और ट्रोलिंग का सिलसिला जारी रहा।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों, कथित धमकियों और ट्रोलिंग से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अस्पताल में अनीता का इलाज जारी है और परिवार उनकी सलामती की दुआ कर रहा है।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jodhpur-jodhpurs-social-media-influencer-anita-bishnoi-drank-poison-after-being-harassed-by-trolling-10537696.html