फ्रेंच ओपन: 19 साल के जोआओ फोन्सेका कौन हैं, जिन्होंने जोकोविच को बाहर का रास्ता दिखाया और रोलां गैरो को मिलेगा नया चैंपियन

फ्रेंच ओपन 2026 में ब्राजील के 19 वर्षीय जोआओ फोन्सेका ने दिग्गज नोवाक जोकोविच को तीसरे दौर में पांच सेटों के संघर्ष में हराकर बड़ा उलटफेर किया। यानिक सिनर समेत कई बड़े नाम पहले ही बाहर हो चुके हैं, जिससे तय है कि इस बार पुरुष एकल को नया चैंपियन मिलेगा।

फ्रेंच ओपन 2026 में एक के बाद एक बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। विश्व नंबर-एक यानीक सिनर के बाहर होने के बाद अब दिग्गज नोवाक जोकोविच भी प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। इस घटनाक्रम के साथ पुरुष एकल खिताब की दौड़ पूरी तरह खुल गई है और यह तय हो गया है कि रोलां गैरो को इस बार एक नया चैंपियन मिलने जा रहा है।

तीसरे दौर में हुआ बड़ा उलटफेर

ब्राजील के 19 वर्षीय जोआओ फोन्सेका ने तीसरे दौर के मुकाबले में जोकोविच को रोमांचक संघर्ष में मात दी। पांच सेटों तक खिंचे इस मैच में फोन्सेका ने 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से जीत दर्ज की। शुरुआती दो सेट गंवाने के बाद युवा खिलाड़ी ने जिस तरह वापसी की, उसने सबको चौंका दिया।

यह मुकाबला दो घंटे से अधिक समय तक चला और अंतिम क्षणों तक बेहद कांटे का बना रहा। दोनों खिलाड़ियों ने आखिरी अंक तक हार नहीं मानी, लेकिन निर्णायक पलों में युवा फोन्सेका का जोश भारी पड़ा।

जोकोविच के सपने को बड़ा झटका

यह हार जोकोविच के लिए उनके 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब के सपने पर गहरा आघात साबित हुई। उनके करियर में यह केवल दूसरा अवसर है जब उन्होंने दो सेटों की बढ़त गंवाने के बाद कोई मुकाबला गंवाया हो। इससे पहले ऐसा 2010 में पेरिस में ही हुआ था, यानी ठीक उसी मैदान पर जहां इस बार फिर यह झटका लगा।

नए चैंपियन का मिलना तय

इस सीजन में जोकोविच के अलावा डेनियल मेदवेदेव, मारिन चिलिच और स्टान वावरिंका जैसे सभी ग्रैंड स्लैम विजेता टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि सात जून को पुरुष एकल का खिताब किसी ऐसे खिलाड़ी के हाथ लगेगा, जो पहली बार रोलां गैरो की ट्रॉफी उठाएगा।

https://hindi.news18.com/news/sports/tennis-who-is-19-year-old-joao-fonseca-knocked-novak-djokovic-of-french-open-ensuring-roland-garros-a-new-champion-10524619.html