11 साल बाद शिल्पा शिंदे का बड़ा कबूलनामा: 'प्रोड्यूसर पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था'

अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप को झूठा बताया है। उनका कहना है कि उस मुश्किल वक्त में उनके सामने कोई और विकल्प नहीं बचा था।

कॉमेडी शो 'भाबीजी घर पर हैं' से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने 11 साल बाद एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। शो छोड़ते समय उन्होंने निर्माता संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, लेकिन अब अभिनेत्री खुद कह रही हैं कि वह आरोप सच नहीं था।

शो से मिली थी पहचान, फिर हुआ विवाद

शिल्पा शिंदे को इस कॉमेडी शो से बड़ी पहचान मिली थी। हाल ही में वह भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने अपने पुराने विवाद को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि शो छोड़ने के दौरान उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उस वक्त उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। अभिनेत्री ने कहा कि वह शो छोड़ चुकी थीं और खुद को उस परिस्थिति से बाहर निकालने के लिए उन्हें ऐसा करना पड़ा।

भावुक होकर किया कबूलनामा

शिल्पा शिंदे ने बताया कि 11 साल पहले निर्माता के साथ विवाद के दौरान उन्होंने मजबूरी में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। यह बात कहते हुए वह भावुक भी हो गईं। उन्होंने कहा कि आज पहली बार वह खुलकर यह स्वीकार कर रही हैं कि वह आरोप झूठा था, लेकिन बाद में आपसी सहमति से मामला सुलझ गया था। उनके मुताबिक, उस समय उनके पास और कोई विकल्प मौजूद नहीं था।

संजय कोहली की छवि को लेकर कही बात

अभिनेत्री ने आगे बताया कि उस दौर में इंडस्ट्री के कई लोग निर्माता का साथ न देने में उनके साथ खड़े थे। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज कराने के दौरान पुलिस भी इसी तरह की सलाह देती है कि गंभीर आरोप लिखे जाते हैं। चूंकि उनका पारिवारिक पृष्ठभूमि कानून से जुड़ी रही है, इसलिए उन्हें इस तरह के मामलों की पूरी जानकारी थी। शिल्पा ने यह भी माना कि इस पूरे मामले में संजय कोहली की छवि काफी खराब हुई और वह बेवजह बदनाम हो गए।

बाद में हुआ समझौता

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और उन्हें उनकी पूरी पेमेंट भी मिल गई थी। साथ ही यह भी तय हुआ था कि इस मामले को लेकर अब दोनों में से कोई भी मीडिया से बात नहीं करेगा। इतना ही नहीं, बाद में उसी टीम के साथ उनके संबंध काफी अच्छे हो गए थे।

उल्लेखनीय है कि साल 2016 में 'भाबीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद शिल्पा शिंदे ने शो के निर्माताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिन्हें अब वह झूठा बता रही हैं।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/tv-shilpa-shinde-admits-false-sexual-harassment-case-against-bhabi-ji-ghar-par-hain-producer-ws-l-10534203.html