गर्मियों की सुबह दूर भगाएं कमजोरी और थकान, दलिया खीर की यह रेसिपी देगी दिनभर की तंदुरुस्ती

उमस भरे मौसम में दिनभर ऊर्जावान बने रहने के लिए दलिया खीर एक बेहतरीन विकल्प है। फाइबर, प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर यह रेसिपी कमजोरी और थकान को दूर रखने में मदद करती है।

गर्मी और उमस के इस मौसम में अगर आप अपने दिन की शुरुआत किसी पौष्टिक चीज़ से करना चाहते हैं और पूरे दिन चुस्त-दुरुस्त रहना चाहते हैं, तो दलिया से बनी यह खास रेसिपी आपके बहुत काम आ सकती है। दलिया खीर न सिर्फ शरीर को दिनभर ऊर्जा देती है, बल्कि कमजोरी और थकान को भी दूर रखने में मदद करती है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

दलिया खीर के लिए ज़रूरी सामग्री

1 चम्मच गोंद कतीरा, 10 काजू, 15 बादाम, 1 चम्मच खसखस, 1 चम्मच सब्जा के बीज, 3 चम्मच देसी घी, 1 कप मखाना, 1/4 कप दलिया, 1 लीटर फुल-क्रीम दूध, 1/2 कप धागे वाली मिश्री (90 ग्राम), 1 चम्मच हरी इलायची पाउडर और 1 चम्मच गुलाब जल।

दलिया खीर बनाने का तरीका

  • पहला चरण: सबसे पहले रात को 1 चम्मच गोंद कतीरा भिगोकर रख दें, ध्यान रहे कि सिर्फ तीन से चार दाने ही भिगोने हैं। इसके साथ ही रातभर के लिए 10 काजू, 15 बादाम, 1 चम्मच खसखस और 1 चम्मच सब्जा के बीज को भी पानी में भिगोकर रख दें।

  • दूसरा चरण: अगली सुबह गैस चालू करके पैन रखें और 1 कप मखाना को देसी घी में भून लें। इसके बाद बादाम के छिलके उतार लें और मिक्सर जार में मखाना, बादाम तथा काजू को दरदरा पीस लें।

  • तीसरा चरण: अब उसी पैन में घी डालकर दलिया को कम से कम 5 मिनट तक भूनें, जब तक वह हल्का सुनहरा न हो जाए। भुने हुए दलिया को एक अलग बर्तन में निकाल लें। इसके बाद गैस पर एक गहरा बर्तन रखकर उसमें एक लीटर फुल फैट दूध गर्म करें।

  • चौथा चरण: दूध गर्म होने पर उसमें दलिया डाल दें और मीडियम आंच पर लगातार चलाते रहें। दलिया के अच्छी तरह पक जाने पर इसमें मखाना, काजू और बादाम का मिश्रण, खसखस, गुलाब जल, हरी इलायची पाउडर तथा मिठास के लिए मिश्री मिला दें। अब इसे एक बार फिर अच्छी तरह चलाएं।

  • पांचवां चरण: खीर तैयार हो जाने पर गैस बंद कर दें। जब भी आपका खीर खाने का मन हो, तब उसमें थोड़ा सा गोंद कतीरा और सब्जा सीड्स मिलाकर परोसें।

दलिया खीर खाने के फायदे

दलिया खीर गेहूं और दूध से तैयार एक सेहतमंद व्यंजन है, जो फाइबर, प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर होती है। इसमें मिलाए गए मखाना, बादाम और गोंद कतीरा जैसे तत्व शरीर की कमजोरी को दूर करते हैं और दिनभर सक्रिय बनाए रखते हैं। इसके अलावा यह हड्डियों की मजबूती, पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में बेहद लाभकारी मानी जाती है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/know-how-to-make-daliya-kheer-in-morning-breakfast-to-active-all-the-day-in-summer-2026-06-10-1224076