टाइगर श्रॉफ हमला केस: दिल्ली तक फैली लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिश, हथियार पहुंचाने वाली राधा और बबीता समेत चार गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस ने हथियार तस्करी में शामिल दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करते थे।

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले की साजिश की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। मंगलवार को जांच का दायरा दिल्ली तक जा पहुंचा, जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुणाल, सुमित, राधा और बबीता के रूप में हुई है। इन सभी को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इन चारों पर आरोप है कि इन्होंने उन हथियारों को मुहैया कराने और उन तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई, जिनका इस्तेमाल रविवार को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के लिए किया गया था।

कौन हैं राधा और बबीता

पूछताछ में सामने आया है कि राधा और बबीता का सीधा संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हथियार तस्करी नेटवर्क से है। दोनों महिलाएं इस खतरनाक गैंग के लिए कूरियर का काम करती थीं। उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता ने ही मुंबई के दादर इलाके में गैंग के हैंडलर्स तक हथियारों की खेप पहुंचाई थी। जहां कुणाल और सुमित ने हथियारों का प्रबंध किया था, वहीं राधा और बबीता ने खुद मुंबई जाकर उन हथियारों को हमलावरों के सुपुर्द किया। दिल्ली की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इन चारों को अदालत में पेश किया था। आरोपियों को BNSS की धारा 35(1)(b) के तहत पेश किया गया। महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई ने अदालत से आरोपियों की हिरासत और पूछताछ की इजाजत मांगी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस को चारों आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है।

रविवार को बाल-बाल बचे थे अभिनेता

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने पहुंचे थे। जब उनकी बीएमडब्ल्यू गाड़ी वहां मौजूद प्रशंसकों के बीच से निकल रही थी, तभी हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने गाड़ी पर 6-7 राउंड गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि एक हमलावर बिल्कुल अभिनेता के करीब था और उसने सीधे टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, ऐन वक्त पर उसकी बंदूक जाम हो गई, जिससे अभिनेता की जान बाल-बाल बच गई। इस खौफनाक हमले में टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे।

राजस्थान से पकड़े गए थे तीन शूटर

इस हमले के मुख्य हमलावरों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बिहार के रहने वाले ऋतिक उर्फ रोशन (22), हरियाणा के रेहान (18) और फूल सिंह (18) को राजस्थान के कोटा से दबोचा गया था। ये तीनों आरोपी उस समय नेपाल भागने की फिराक में थे। इन सभी का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है, जिसने खुलेआम इस हमले की जिम्मेदारी भी ली है। शुरुआती जांच में यह बात भी निकलकर सामने आ रही है कि टाइगर श्रॉफ की किसी अन्य नामी अभिनेता से नजदीकी इस हमले का एक बड़ा कारण हो सकती है।

https://www.indiatv.in/india/national/tiger-shroff-case-update-lawrence-bishnoi-gang-2-women-arms-smuggler-arrested-2026-10-21-1250015