कौन थीं कुमुद राणे, जिनके जाने से सलमान खान की आंखें भर आईं और पूरा खान परिवार गमगीन

सलमान खान की करीबी दोस्त कुमुद राणे का निधन हो गया, जिनके अंतिम संस्कार में पूरा खान परिवार शामिल हुआ। जानिए दुबई की इस एंटरप्रेन्योर का खान परिवार से कितना गहरा नाता था।

बीते मंगलवार को सलमान खान ने अपनी करीबी दोस्त कुमुद राणे को हमेशा के लिए खो दिया। उनके अंतिम संस्कार में सलमान के साथ पूरा खान परिवार मौजूद रहा। इस दौरान सलमान की आंखें भीगी हुई थीं और उन्हें आंसू रोकते हुए साफ देखा जा सकता था। सोशल मीडिया पर वायरल हुईं इन तस्वीरों और वीडियो को देखकर कई लोग हैरान रह गए और जानना चाहने लगे कि आखिर किस घटना ने अभिनेता को इतना भावुक कर दिया। एक ओर लोग शोक जता रहे हैं, वहीं कई यह समझने को बेचैन हैं कि कुमुद राणे कौन थीं, सलमान से उनका क्या रिश्ता था और उनके निधन से पूरा खान परिवार इतना आहत क्यों है।

कौन थीं कुमुद राणे?

कुमुद राणे ने बीते दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया और मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सोशल मीडिया पोस्ट्स से साफ है कि वह सलमान खान के परिवार के बेहद करीब थीं। दरअसल, कुमुद की शादी सलमान के बेस्ट फ्रेंड जुग्गी राणे से हुई थी, जिसका जिक्र खुद सलमान और कैटरीना कैफ ने अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान 'द कपिल शर्मा शो' में किया था। माना जाता है कि वर्षों से सलमान और खान परिवार के साथ उनके गहरे रिश्ते थे और वह उनके दोस्तों के बड़े दायरे का अहम हिस्सा थीं। कुमुद की हर पार्टी में सलमान शामिल होते थे और खान परिवार के हर आयोजन में कुमुद की मौजूदगी रहती थी।

कई कारोबार की मालकिन थीं

कुमुद दुबई में रहने वाली एक एंटरप्रेन्योर थीं और शहर के मशहूर ब्यूटी एवं वेलनेस वेंचर 'रेन ब्यूटी बार' की संस्थापक थीं। उन्होंने 2005 में रेन ब्यूटी बार की शुरुआत की थी। ब्रांड के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई एक पोस्ट के मुताबिक, रेन के जरिए कुमुद ने एक हाई-स्टैंडर्ड ब्यूटी लाउंज तैयार करने की कोशिश की, जो गुणवत्ता से समझौता किए बिना एक ही छत के नीचे कई तरह की सेवाएं देता था। ब्यूटी के अलावा उन्हें इंटीरियर डिजाइनिंग, सोशल मीडिया और मार्केटिंग में भी दिलचस्पी थी।

हालांकि कुमुद ज्यादातर सुर्खियों से दूर रहती थीं, लेकिन उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की झलकियां खान परिवार के साथ उनके गहरे रिश्ते की गवाही देती हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 15000 से ज्यादा फॉलोअर्स और 633 से ज्यादा पोस्ट्स हैं, जिनमें उनकी निजी जिंदगी, यात्राओं, कारोबार और परिवार व दोस्तों के साथ बिताए खास पलों की झलक देखने को मिलती है।

खान परिवार के हर सदस्य से नाता

सलमान खान के साथ सामाजिक आयोजनों में शामिल होने और जन्मदिन मनाने से लेकर सोहेल खान की पूर्व पत्नी सीमा सजदेह के साथ समय बिताने तक, वह कई मौकों पर खान परिवार के साथ खड़ी नजर आईं। इतना ही नहीं, कुमुद राणे के बेटे कबीर, सोहेल खान के बेटे निरवाण के बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने साथ पढ़ाई की और साथ ही बड़े हुए। कुमुद कई अन्य फिल्मी परिवारों के भी काफी करीब रहीं। संजय कपूर और महीप से उनकी अच्छी दोस्ती थी, वहीं बॉबी देओल और अनिल कपूर के साथ भी उनका बेहतरीन बॉन्ड था। सोहेल खान ने उनके निधन पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्हें अपनी बहन बताया और कहा कि उन्होंने अपनी बहन को खो दिया है और यह वक्त उनके लिए बेहद मुश्किल है।

सोहेल और अर्पिता की भावुक पोस्ट

सोहेल ने इंस्टाग्राम पर कुमुद के साथ बिताए खास पलों की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'आज मैंने अपनी प्यारी बहन को खो दिया, दुनिया में कोई भी उनकी जगह नहीं ले सकता। मेरी संवेदनाएं जग्गी और कबीर के साथ हैं क्योंकि कुमुद उनकी जान थीं।' अभिनेता ने आगे लिखा, 'ऐसे समय में लगता है कि जिंदगी नाइंसाफी करती है और आप भगवान पर सवाल उठाने लगते हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि वह जहां भी हों, खुश रहें, हम उन्हें हमेशा याद करेंगे।'

सलमान की बहन अर्पिता ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कुमुद के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'प्यारी कुमुद, हम साथ बिताए सभी पलों को हमेशा याद रखेंगे। आपका अपनापन, आपका प्यार, आपका मजाकिया अंदाज बहुत याद आएगा... हम आपसे प्यार करते हैं और मुझे पता है कि आप हमेशा हम पर नजर रखेंगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दें।'

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/who-is-kumud-rane-whose-death-moved-salman-khan-to-tears-left-entire-khan-family-in-grief-2026-06-10-1224135